पेट्रोल डलवाकर बिना रुपये दिए फरार हो गए बदमाश
रविवार को एक और पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने पहले पेट्रोल डलवाया और फिर वहां से कर्मचारियों को धमकाते हुए फरार हो गए।
जागरण संवाददाता, करनाल : पेट्रोल पंप बदमाशों के निशाने पर है। करनाल के पेट्रोल पंप के बाद घरौंडा के पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात सामने आ गई। इसी बीच रविवार को एक और पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने पहले पेट्रोल डलवाया और फिर वहां से कर्मचारियों को धमकाते हुए फरार हो गए। इन घटनाओं से पेट्रोल पंप संचालक भय में हैं तो साथ ही पुलिस की सुरक्षा पर गहरे सवाल खड़े हो गए हैं।
रविवार को दिन के समय करनाल से चंडीगढ़ जाते हुए मयूर व झिलमिल ढाबे के बीच में स्थित पेट्रोल पंप पर कार में सवार होकर कुछ युवक आए। उन्होंने 2600 रुपये का पेट्रोल डालने के लिए कर्मचारियों को कहा। कर्मचारी ने गाड़ी में पेट्रोल डालने के बाद जब राशि लेनी चाही तो बदमाशों ने कार स्टार्ट कर ली। इसी बीच वह कर्मचारियों को धमकाते हुए वहां से फरार हो गए। करनाल पेट्रोलियम एसोसिएशन के अध्यक्ष रामकुमार कल्याण ने कहा कि लूट की वारदात के बाद अब बदमाश पेट्रोल भरवाकर फरार होने लगे हैं। पुलिस को पंपों की सुरक्षा की ओर गंभीरता से सोचना होगा। इस तरह के बदमाशों को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की जानी चाहिए।
हाईवे पर गश्त करने वाली पीसीआर कहां?
यह बात एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया भी मानते हैं कि करनाल में पेट्रोल पंपों पर वारदातों को अंजाम देने वाला गिरोह सक्रिय है। यह गिरोह करनाल के साथ साथ पानीपत में भी वारदातों को अंजाम दे रहा है। इसी बीच यह सवाल खड़ा होता है कि आखिर करनाल की सीमा में हाइवे पर गश्त करने वाली पीसीआर क्या काम कर रही है।
टोल प्लाजा पर पकड़े जा सकते थे बदमाश
करनाल के बाद घरौंडा में हुई लूट के बाद बदमाश की पानीपत की ओर फरार हुए। लूट की वारदात के बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हो जाती तो बदमाशों को पानीपत टोल प्लाजा के पास पकड़ा जा सकता था। जबकि करनाल में हुई लूट के मामले में बसताड़ा टोल प्लाजा पर बदमाशों को पकड़ा जा सकता था।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप