सीएचसी के इमरजेंसी वार्ड में स्टाफ सदस्यों पर हमला, आरोपित काबू
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के इमरजेंसी वार्ड में घायल मरीज के उपचार के दौरान एक व्यक्ति ने स्टाफ सदस्यों पर हमला बोल दिया। दिनदहाड़े हुई मारपीट की इस घटना से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
संवाद सहयोगी, घरौंडा : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के इमरजेंसी वार्ड में घायल मरीज के उपचार के दौरान एक व्यक्ति ने स्टाफ सदस्यों पर हमला बोल दिया। दिनदहाड़े हुई मारपीट की इस घटना से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में अस्पताल के वार्ड ब्वॉय को चोटें आई है। आरोपित ने शराब पी हुई थी। पुलिस ने हमलावर को मौके पर ही काबू कर लिया। अस्पताल के डॉक्टरों ने उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी देते हुए पूरी घटना की शिकायत पुलिस को की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोमवार को इंडो-इजराइल फार्म के नजदीक सर्विस लेन पर एक बाइक चालक अमन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर रिपुल स्टाफ के साथ घायल अमन का इलाज कर रहे थे तो इसी दौरान एक व्यक्ति वार्ड में घुसा और वार्ड ब्वॉय संजीव पर लात-घुसों से हमला बोल दिया। डॉक्टरों व अन्य स्टाफ ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो हमलावर ने उनके साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग शुरू कर दिया। पुलिस ने हमलावर को काबू कर लिया।
वर्जन-
हमलावर ने शराब पी हुई थी। हमले में वार्ड ब्वॉय को चोटें आई हैं। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को की है। शिकायत पुलिस को कर दी है। अस्पताल में सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है।
-डॉ. रिपुल, सीएचसी घरौंडा वर्जन-
हमलावर को काबू कर लिया गया है। अस्पताल प्रबंधन की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
सचिन कुमार, थाना प्रभारी, घरौंडा।