विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करनाल में पैदल जा रहे कारीगर की चाकू मारकर हत्या, प्राइवेट पार्ट के पास 8 बार किए वार

Published: Wed, 16 Sep 2026 08:32 PM (IST)

करनाल के मॉडल टाउन में देर रात एक कारीगर काली चरण की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ...और पढ़ें

करनाल में पैदल जा रहे कारीगर की चाकू से गोदकर हत्या।

करनाल में पैदल जा रहे कारीगर की चाकू से गोदकर हत्या।

HighLights

  1. मॉडल टाउन में कारीगर काली चरण की हत्या

  2. बाइक सवार तीन युवकों ने चाकू से गोदा

  3. पुलिस रंजिश और लूटपाट के एंगल से जांच कर रही

जागरण संवाददाता, करनाल। मॉडल टाउन में एलआईसी कार्यालय के सामने मंगलवार देर रात पैदल जा रहे एक कारीगर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार तीन युवकों ने कारीगर के प्राइवेट पार्ट के पास आठ बार वार किए। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

बाद में चौकीदार ने लहूलुहान युवक देखा तो आनन-फानन में पुलिस उसको लेकर अस्पताल पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस इस मामले को रंजिश और लूटपाट दोनों एंगल से जोड़कर देख रही हैं।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय काली चरण के रूप में हुई है। वह मूलरूप से आगरा के गांव बरोली अहीर का रहने वाला था और पिछले काफी समय से करनाल मॉडल टाउन में परिवार के साथ रह रहा था। पुलिस के अनुसार काली चरण मॉडल टाउन एरिया में गोवर्धन पेठा की दुकान पर काम करता था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, काली चरण मंगलवार रात 1 बजे करनाल रेलवे स्टेशन से पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। वह मॉडल टाउन में एलआईसी कार्यालय के पास पहुंचा। इसी दौरान उसके साथ वारदात होने की बात सामने आई है। इसके बाद बाइक सवार कुछ युवक वहां पहुंचे थे। इसके बाद काली चरण सड़क किनारे पड़ा मिला।

हालांकि, हमला किसने और किस कारण से किया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। सुबह सड़क किनारे युवक का शव पड़ा देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र की जांच की और शव की पहचान कराई। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी जांच टीम ने जुटाया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। रेलवे स्टेशन से लेकर मॉडल टाउन स्थित घटनास्थल तक के रास्ते पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग जांच में अहम हो सकती है।

पुलिस बाइक सवार संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। एसएचओ विक्रांत ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

शरीर पर कट के निशान, सिर पर चोट नहीं

एसएचओ विक्रांत ने बताया कि मृतक के शरीर के प्राइवेट पार्ट के पास कट के 8 निशान पाए गए हैं और काफी खून बहने की बात सामने आई है। प्राथमिक जांच में सिर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं।

स्वजन से पूछताछ के साथ काली चरण के पिछले दिनों के संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात से पहले वह किन लोगों के संपर्क में था।