जो पार्टी छोड़ गए थे उनको इनेलो में वापस आना पड़ेगा : अभय चौटाला
ऐलानाबाद के विधायक और इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि विधानसभा चुनावों को मात्र 100 दिन का समय बचा है वे हरियाणा के हर ब्लॉक में जाकर कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे।
संवाद सहयोगी, घरौंडा(करनाल): ऐलानाबाद के विधायक और इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि विधानसभा चुनावों को मात्र 100 दिन का समय बचा है, वे हरियाणा के हर ब्लॉक में जाकर कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। इनेलो हरियाणा में एक बार फिर ऐसे हालात पैदा कर देगी कि जो लोग पार्टी छोड़कर गए हैं उनको वापस पार्टी में आना पड़ेगा।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा में कांग्रेस नाम की कोई चीज ही नहीं है। कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद की दावेदारी ठोकने वाले नेता आपसी गुटबाजी का शिकार हो चुके हैं। इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला शनिवार को एक निजी गार्डन में इनेलो प्रदेश उपाध्यक्ष रेखा राणा की ओर से आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। चौटाला ने कहा कि बीजेपी सरकारी की नियत ठीक नहीं है, इसलिए प्रदेश के किसानों को एसवाईएल का पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने मंच के माध्यम से ऐलान किया कि अगर सरकार ने शीघ्र एसवाईएल का मुद्दा हल नहीं हुआ तो इनेलो दिल्ली का रास्ता व पानी रोकने से पीछे नहीं हटेगी। वहीं उन्होंने भाजपा की किसान हितेषी नीति पर व्यंग्य कसते हुए कहा कि आज प्रदेश में किसान अपनी मर्जी से फसल की बुआई नहीं कर सकता है और ना ही बेच सकता है।
इस मौके इनेलो प्रदेश अध्यक्ष बीडी डालिया, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कंवलजीत सिंह प्रिस, जिला अध्यक्ष जसबीर सिंह कूक्कू, युवा प्रदेश महासचिव मनिद्र राणा, जिला महासचिव राजेश शर्मा, संदीप सैन, जयपाल पुनिया, ओमप्रकाश सलुजा, मन्नु कश्यप व जगदीश पनौड़ी मौजूद रहे।