2.5 एमएम बरसात, अब चार दिन सताएगी गर्मी 11 को बूंदाबांदी के आसार बने
वीरवार शाम को पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण बरसात शुरू हो गई। 2.5 एमएम बरसात ने लोगों को गर्मी से राहत देने का काम किया।
जागरण संवाददाता, करनाल : क्षेत्र में वीरवार शाम को पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण बरसात शुरू हो गई। 2.5 एमएम बरसात ने लोगों को गर्मी से राहत देने का काम किया। मौसम बदलाव से तापमान भी 2.0 डिग्री गिरावट के साथ 40.0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय नमी की मात्रा 65 फीसदी दर्ज की गई जो शाम को 48 फीसदी रही। मौसम विभाग के मुताबिक क्षेत्र में अब पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे मौसम शुष्क हो जाएगा। कई दिनों से चल रही पूर्वी हवाओं से वातावरण में उमस बनी हुई थी, लेकिन अब चार दिन तक पश्चिमी हवाओं का रूख पाकिस्तान से होते हुए राजस्थान के गर्म रेत से गुजकर प्रदेश में दाखिल होंगी, जिससे मौसम शुष्क हो जाएगा। चार दिन तक लोगों को गर्मी ओर लू झेलनी पड़ेगी।
इसी बीच राहत भरी बात यह है कि 11 जून को मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। बादलों की गरज के साथ एनसीआर एरिया के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है। कुछ स्थानों पर धूलभरी आंधी चल सकती है। केंद्रीय मृदा लवणता अनुंसधान संस्थान का मानना है कि यह प्री मानसून गतिविधियां हैं। वीरवार देर शाम तक मानसून केरल में हीट करेगा। बंगाल की खाड़ी ओर अरब सागर में मानसून की स्थितियां सामान्य बनी हुई हैं, ठीक गति से वह आगे बढ़ा रहा है। हालांकि प्री मानसून की बारिश अब तक पिछले साल के मुकाबले 25 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।