कैथल में जेसीबी की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, ड्राइवर फरार
कैथल के दयोहरा गांव में एक लोडेड जेसीबी की टक्कर से 20 वर्षीय बाइक सवार युवक सावन की मौत हो ...और पढ़ें
-1792015394099_m.webp)
कैथल में जेसीबी की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत। सांकेतिक फोटो
HighLights
दयोहरा गांव में जेसीबी की टक्कर से युवक की मौत।
मृतक की पहचान बरोट निवासी सावन के रूप में हुई।
चालक फरार, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, कैथल। गांव दयोहरा में रामा भट्ठे के पास बुधवार सुबह लोडेड जेसीबी मशीन की टक्कर लगने से बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव बरोट निवासी सावन पुत्र राजेंद्र के रूप में हुई है। हादसे के बाद जेसीबी चालक मशीन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू की। स्वजनों के अनुसार सावन मंगलवार को अपने मामा के घर गांव मलिकपुर गया हुआ था।
बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह बाइक पर सवार होकर दयोहरा की तरफ आ रहा था। जब वह रामा भट्ठे के पास पहुंचा तो सड़क पर अचानक आई लोडेड जेसीबी मशीन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। आरोप है कि जेसीबी चालक मशीन के बकेट में मिट्टी भरकर सड़क के एक तरफ से दूसरी तरफ ले जा रहा था।
इसी दौरान उसने अचानक जेसीबी सड़क पर चढ़ा दी, जिससे बाइक सवार सावन उसकी चपेट में आ गया। जेसीबी के बोगट की टक्कर से सावन गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक जेसीबी मशीन छोड़कर फरार हो गया।
चालक के खिलाफ मामला दर्ज, जेसीबी और बाइक कब्जे में ली
सदर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर कुलदीप देशवाल ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपित चालक विपिन के खिलाफ लापरवाही से जेसीबी मशीन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जेसीबी मशीन और दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
