विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैथल में वॉलीबॉल खेलते समय चक्कर आने से 27 वर्षीय युवक की मौत, 6 बहनों का था इकलौता भाई

Published: Tue, 25 Aug 2026 09:58 PM (IST)

कैथल के खेल स्टेडियम में वॉलीबॉल खेलते समय 27 वर्षीय दीपक सैनी की अचानक मौत हो गई। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया।

वॉलीबॉल खेलते समय चक्कर आने से 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

वॉलीबॉल खेलते समय चक्कर आने से 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

HighLights

  1. कैथल स्टेडियम में वॉलीबॉल खेलते समय युवक की मौत

  2. 27 वर्षीय दीपक सैनी को अचानक चक्कर आए, गिरा

  3. बिना पोस्टमार्टम अंतिम संस्कार, हार्ट अटैक की आशंका

जागरण संवाददाता, कैथल। श्री गुरु गोबिंद सिंह जिला खेल स्टेडियम में सोमवार सायं गांव खानपुर के युवक दीपक सैनी (27) की वॉलीबॉल खेलते समय मौत हो गई। दीपक सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटा था और नियमित रूप से स्टेडियम में अभ्यास करता था।

वह छह बहनों का इकलौता भाई था। स्वजन ने बिना पोस्टमार्टम करवाए अंतिम संस्कार कर दिया। हार्ट अटैक होने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

दीपक सैनी सोमवार शाम को स्टेडियम में दौड़ लगाने आया था। दौड़ पूरी करने के बाद वह अन्य युवाओं के साथ वॉलीबॉल खेलने लगा। खेल के दौरान जैसे ही उसने शाट (किक) मारा। उसे तेज चक्कर आ गया और वह जमीन पर गिर पड़ा।

वह खुद को संभालते हुए मैदान में थोड़ी देर के लिए बैठा, लेकिन कुछ ही क्षणों बाद बेसुध होकर गिर गया। मैदान में मौजूद अन्य युवक दीपक को मोटरसाइकिल से तुरंत शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

गांव खानपुर के सरपंच प्रतिनिधि सोनू सैनी ने बताया कि दीपक अपने परिवार में छह बहनों का इकलौता और सबसे छोटा भाई था। रक्षाबंधन से ठीक पहले इकलौते भाई की मौत से बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार सहित पूरे गांव खानपुर में शोक की लहर दौड़ गई है।

बिना मेडिकल जांच के पुष्टि नहीं हो सकती: डॉ. सचिन

जिला स्वास्थ्य विभाग के फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. सचिन मांडले ने बताया कि वॉलीबॉल खिलाड़ी की मौत के मामले की जानकारी मिली है, लेकिन स्वजन ने बिना पोस्टमार्टम करवाए अंतिम संस्कार कर दिया। बिना मेडिकल जांच के मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकती।

फिर भी इस तरह की घटना तब होती है जब एक्सरसाइज ज्यादा हो जाती है, इसमें शरीर में से ज्यादा पसीना निकलने पर पानी की कमी बन जाती है। इससे फेफड़ों व हार्ट में कमी आ जाती है।

इससे ज्यादा दिल धड़कने से फेल होने की संभावना ज्यादा रहती है। इस तरह के केसों में कोई हार्ट की बीमारी हो, जिसके बारे में व्यक्ति को पता नहीं चलता, लेकिन जब ज्यादा दौड़ या एक्सरसाइज हो जाती है तो इस तरह की दिक्कत आ सकती है।