महिला के साथ अपराध होने पर बिना देरी के करें एफआइआर दर्ज : प्रीति
महिला आयोग की कार्यवाहक अध्यक्षा प्रीति भारद्वाज दलाल और महिला आयोग की सदस्या नम्रता गौड़ ने महिला पुलिस थाना का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आयोग हरियाणा में महिला संस्थानों का अलग-अलग विभागों में दौरा करके महिलाओं को मिलने वाली सुरक्षा का अवलोकन कर रहा है।
जागरण संवाददाता, कैथल : महिला आयोग की कार्यवाहक अध्यक्षा प्रीति भारद्वाज दलाल और महिला आयोग की सदस्या नम्रता गौड़ ने महिला पुलिस थाना का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आयोग हरियाणा में महिला संस्थानों का अलग-अलग विभागों में दौरा करके महिलाओं को मिलने वाली सुरक्षा का अवलोकन कर रहा है। गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार जहां भी महिला के साथ अपराध हुआ है, संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत उसी स्थान के पुलिस थाना में बिना किसी देरी के महिला की एफआइआर दर्ज हो। महिला के प्रति हरियाणा में पिछले वर्षों की तुलना में 17 प्रतिशत अपराध कम हुए हैं। महिला आयोग का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की शिकायत सुनना और उसका निवारण करना है। उन्होंने महिला पुलिस थाना में मिलने वाली सुविधाओं व उन्हें पूरा करने में आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि महिला की सुरक्षा पर बने कानून को कई महिलाएं अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करती है। इस पर चिता जाहिर करते हुए इस तरह की गतिविधियों में शामिल महिलाओं पर अंकुश लगाया जा रहा हैं और पूरी निगरानी रखी जा रही है। महिला की सुरक्षा के लिए बने कानून को सिर्फ अपने इंसाफ के लिए प्रयोग करें ना कि इसके जरीए ब्लैकमेल करें। महिला को अपनी सुरक्षा का पूरा हक है, लेकिन महिला को भी ध्यान रखना चाहिए कि कानून उनकी सुरक्षा के लिए बनाया गया है। उन्होंने एसपी कार्यालय में महिलाओं से संबंधित केसों की सुनवाई की और एसपी से भी अन्य केसों पर फीडबैक ली।
बॉक्स :
विश्वविद्यालय में शिकायत पेटी लगाने को कहा
इससे पहले प्रीति भारद्वाज दलाल व महिला आयोग की सदस्या जगदीशपुरा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय कॉलेज में चल रहे महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। कॉलेज परिसर में शिकायत पेटी लगाने को कहा ताकि कॉलेज में उपस्थित महिला स्टाफ व विद्यार्थी अपनी शिकायतों का निवारण कर सके। इसके बाद वन स्टॉप सेंटर सखी का निरीक्षण भी किया। यहां महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।