केंद्र में भाजपा सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर होंगी वर्चुअल रैली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक जिला इकाई की बैठक प्रभारी कर्ण सिंह रानोलिया की अध्यक्षता में हुई। इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर ढांड ने की।
जागरण संवाददाता, कैथल: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक जिला इकाई की बैठक प्रभारी कर्ण सिंह रानोलिया की अध्यक्षता में हुई। इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर ढांड ने की। रानोलिया ने कहा कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल का प्रथम वर्ष 30 मई 2020 को पूरा होने जा रहा है।
जिला प्रभारी ने कहा कि इसे लेकर वर्चुअल रैलियों का आयोजन व्यवस्थित तैयारियों के साथ देशभर में किया जाएगा। प्रत्येक बड़े प्रदेश में कम से कम दो रैली एवं छोटे प्रदेश में कम से कम एक रैली। इसमें 700 से अधिक की संख्या हो ऐसे वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संपन्न करेंगे। यह वर्ष ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा। जैसे तीन तलाक की समाप्ति का कानून बनाना, धारा-370 को हटाना, लद्दाख को अलग केंद्र शासित राज्य बनाना, अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करना और शरणार्थियों के लिए नागरिक संशोधन कानून बनाना। यह उपलब्धियां इतिहास के पन्नों में स्वर्णिम अक्षरों में लिखी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार मोदी सरकार के प्रथम वर्ष पूर्ण होने पर वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कई कार्यक्रम होंगे। प्रधानमंत्री द्वारा जिसमें आत्मनिर्भर भारत का संकल्प, विश्व कल्याण के लिए भारत की भूमिका एवं कोविड-19 के फैलने से बचाव के लिए सावधानियां एवं स्वास्थ्य रहने हेतु अच्छी आदतों के संकल्प के आह्वान को देश भर में 10 करोड़ घरों तक पहुंचाना है। इसे लेकर देशभर में 150 मीडिया सेंटरों में एक सप्ताह में प्रेस कान्फ्रेंस की जाएंगी।
नए वाट्सएप ग्रुप बनेंगे
रानोलिया ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर वाट्सएप ग्रुप बनाया जाए। इसमें उपरोक्त विषय वस्तु को साझा किया जाए और आगामी तीन विशेष अभियान चलाकर नए ग्रुप बनाना एवं पुराने वाट्सएप ग्रुप को बूथ स्तर पर सक्रिय करना है।
इस मौके पर जिला महामंत्री रामपाल राणा, संजय भारद्वाज, मीडिया प्रभारी राज रमन दीक्षित एवं आइटी सेल संयोजक कृष्ण शर्मा पिलनी उपस्थित रहे।