विपिन हत्याकांड : सड़क पर शव रखकर परिजनों ने लगाया जाम
पबनावा गांव के विपिन की हत्या के बाद सोमवार को परिजनों और ग्रामीणों ने कुरुक्षेत्र-कैथल मार्ग पर शव को रखकर जाम लगा दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने कहा कि जब तक विपिन के हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा तब तक वे जाम नहीं खोलेंगे।
संवाद सहयोगी, ढांड : पबनावा गांव के विपिन की हत्या के बाद सोमवार को परिजनों और ग्रामीणों ने कुरुक्षेत्र-कैथल मार्ग पर शव को रखकर जाम लगा दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने कहा कि जब तक विपिन के हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा तब तक वे जाम नहीं खोलेंगे। गौरतलब है कि शनिवार को गांव में ही विपिन पर धारदार हथियार से हमला किया गया। इलाज के दौरान पीजीआई चंडीगढ़ में रविवार को विपिन मौत हो गई। सोमवार को परिजन चंडीगढ़ से आते ही हत्यारों की गिरफ्तार के लिए शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पहुंचे ढांड थाना प्रभारी शिव कुमार ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने जाम खोलने से इनकार कर दिया। इसके बाद डीएसपी कृष्ण कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। जाम खुलने के बाद लंबी कतार में लगे वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। वहीं, देर शाम तक मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
ये है मामला
पबनावा गांव में 25 वर्षीय युवक विपिन की शनिवार रात को तेजधार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में मृतक के पिता बलबीर ¨सह की शिकायत पर गांव के ही विकास व विपुल के खिलाफ केस दर्ज किया था। आरोप लगाया था कि आरोपितों ने किसी बात की रंजिश रखते हुए रात को उसके बेटे के साथ झगड़ा करते हुए पिटाई की। घर से घसीटकर बाहर गली में ले गए। जहां धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी। विपिन को घायल अवस्था में कुरुक्षेत्र के सरकारी अस्पताल ले गए जहां डाक्टरों ने पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज
विपिन हत्याकांड में पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी को लेकर टीमें गठित की गई हैं, जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कृष्ण कुमार, डीएसपी