विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैथल में दर्दनाक हादसा, रेत ट्राले ने मां को कुचला; बेटी गंभीर रूप से घायल

Published: Sat, 03 Oct 2026 01:18 AM (IST)

कैथल में सुबह सैर कर रही मां-बेटी को रेत से भरे ट्राले ने कुचला, जिसमें मां पूजा की मौत हो ...और पढ़ें

रेत से भरे ट्राले ने मां-बेटी को कुचला। फोटो जागरण

रेत से भरे ट्राले ने मां-बेटी को कुचला। फोटो जागरण

HighLights

  1. कैथल में सैर कर रही मां-बेटी को ट्राले ने कुचला।

  2. हादसे में मां पूजा की मौत, बेटी मानवी गंभीर घायल।

  3. ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज, पुलिस जांच जारी।

जागरण संवाददाता, कैथल। सुबह करीब छह बजे सैर कर रही मां-बेटी को रेत से भरे ट्राले ने कुचल दिया। हादसे में मां की मौत हो गई और 18 माह की बच्ची की दोनों टांगे टूट गई। बच्ची को चंडीगढ़ पीजीआइ रेफर किया गया है।

मृतका की पहचान बेगुसराय बिहार हाल ढांड निवासी पूजा (21) के रूप में हुई है। पूजा की गोद में मौजूद मानवी गंभीर रूप से घायल है। ढांड थाना पुलिस ने मृतका के देवर करण की शिकायत पर ट्राला चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।

शिकायत में बताया कि शुक्रवार को सुबह के समय उसकी भाभी पूजा और भतीजी मानवी सहित परिवार के अन्य सदस्य सैर करने के लिए गए थे। करीब छह बजे मुख्य सड़क पर एक रेत से भरे ट्राला चालक ने गलत दिशा में ट्राला चलाते हुए उसकी भाभी को चपेट में ले लिया। उसकी गोद में बच्ची भी थी़, ट्राले का पहिया भाभी के ऊपर से निकल गया और बच्ची की भी दोनों टांगे टूट गई।

हादसे की सूचना डायल 112 को दे दी गई थी। आरोप है कि एंबुलेंस भी देरी से पहुंची। अस्पताल में जाते समय रास्ते में ही उसकी भाभी की मौत हो गई और बच्ची को पीजीआइ रेफर किया गया। उनका परिवार पिछले करीब 50 साल से ढांड में रह रहा है। उनके दस्तावेज भी यहीं के ही बने हुए हैं। वह मेहनत मजदूरी करते हैं। बता दें कि पूजा का पति भरत अनाज मंडी में पल्लेदारी का काम करता है।

पहली बार सैर करने आई थी बहु : सास

मैं नियमित रूप से सुबह सैर करने के लिए जाती हूं। सुबह पहली बार मेरे साथ बेटे की बहु पूजा और बच्चे भी आए थे। बहु और बच्चे थोड़ा आगे थे और मैं पीछे चल रही थी। तभी ट्राला चालक ने गलत दिशा से ट्राला चलाते हुए उसकी बहु और पोती को टक्कर मार दी। मेरी आंखों के सामने ही बहु ने दम तोड़ दिया और पोती की दोनों टांगे टूट गई। दोनों को टक्कर मारने से पहले भी चालक ने साथ में चल रहे बच्चों को भी चपेट में ले लिया होता, लेकिन गनीमत रही की वे बच गए। ट्राला चालक ने नशा किया हुआ था।

ढांड थाना प्रभारी एसआइ बहादुर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने मृतका पूजा के देवर करण की शिकायत ट्राला चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।