मुख्य चौकों पर ट्रैफिक कर्मचारियों की कमी, दिनभर लगता जाम
शहर के मुख्य चौकों पर ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों की कमी में दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। हर चौक पर तीन से चार यातायात पुलिस कर्मचारियों की जरूरत है लेकिन यहां पर केवल एक से दो पुलिस कर्मचारी ही तैनात किए गए है। इस कारण वाहन चालकों को जाम के कारण परेशानी झेलनी पड़ती है। विश्वकर्मा चौक शहर के ब्लैक स्पॉट में शामिल है यहां पर अधिक हादसे होने की संभावना बनी रहती है। यहां पर जिला प्रशासन की ओर से कोई भी ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी को तैनात नहीं किया गया है। इसी प्रकार से नेशनल हाइवे पर अंबाला रोड बाईपास पर भी पुलिस कर्मचारियों की ओर से यातायात व्यवस्था नहीं बनाई जाती है।
जागरण संवाददाता, कैथल :
शहर के मुख्य चौकों पर ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों की कमी में दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। हर चौक पर तीन से चार यातायात पुलिस कर्मचारियों की जरूरत है, लेकिन यहां पर केवल एक से दो पुलिस कर्मचारी ही तैनात किए गए है। इस कारण वाहन चालकों को जाम के कारण परेशानी झेलनी पड़ती है।
विश्वकर्मा चौक शहर के ब्लैक स्पॉट में शामिल है, यहां पर अधिक हादसे होने की संभावना बनी रहती है। यहां पर जिला प्रशासन की ओर से कोई भी ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी को तैनात नहीं किया गया है। इसी प्रकार से नेशनल हाइवे पर अंबाला रोड बाईपास पर भी पुलिस कर्मचारियों की ओर से यातायात व्यवस्था नहीं बनाई जाती है।
दैनिक जागरण की टीम ने बृहस्पतिवार को सुबह 11:30 बजे से लेकर 12 बजकर 10 मिनट तक शहर के मुख्य चौकों का दौरा किया। इस दौरान कई चौकों पर पुलिस कर्मी मौजूद हीं नहीं थे, जहां थे, वहां पर वे एक तरफ कुर्सियों पर बैठकर पूरा दिन समय बिताते हुए दिखाई दिए।
सबसे पहले नए बस स्टैंड पर सर छोटू राम चौक पर पहुंचे। यहां पर केवल दो कर्मचारी ही मौजूद थे। चौक पर लाल बत्ती लगाई है, जिसके मुताबिक यातायात व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं, लेकिन यहां पर दोनों पुलिस कर्मचारी आपस में बैठे बातें कर रहे थे। यहां पर जाम के कारण वाहन चालक परेशान हो रहे थे।
इसके बाद अंबाला बाईपास पर पहुंचे जहां पर पुलिस कर्मचारी तो मौजूद थे, लेकिन ये पुलिस कर्मचारी चौक पर बनाई गई चौकी के अंदर बैठे थे। यहां पर केवल एक पुलिस कर्मचारी ही बाहर तैनात था।
अंबाला रोड बाईपास पर जाने के बाद विश्वकर्मा पर गए, इस चौक को ब्लैक स्पॉट में शामिल किया गया है। इसके बावजूद यहां पर एक भी यातायात पुलिस कर्मचारी तैनात नहीं था। यहां पर वाहन चालक अपने मन मुताबिक ही ओवरटेक को दूसरे रोड पर जा रहे थे।
चौक पर यातायात पुलिस कर्मचारियों के न होना जिला पुलिस प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। यदि जिला पुलिस प्रशासन की ओर से व्यवस्थित तरीके से ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए तो चौकों और शहर में अन्य मार्गाें पर जाम की स्थिति नहीं बनेगी।
वर्जन : ट्रैफिक कर्मियों की ओर
से दी जा रही ड्यूटी
ट्रैफिक पुलिस के एसएचओ मुखत्यार सिंह ने बताया कि सभी चौकों पर ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों की ओर से ड्यूटी दी जा रही है। कभी कभी आला अधिकारियों की ओर से दूसरे स्थान पर ड्यूटी लगा दी जाती है, जिस कारण चौकों पर कर्मचारी ड्यूटी नहीं दे सकते। ऐसा नहीं है कि हर समय सभी चौकों पर यातायात पुलिस कर्मचारी तैनात नहीं रहते हैं।