वाहन चालकों को जागरूक करने वाले ही नहीं करते नियमों का पालन
जिला में वाहन चालकों को जागरूक करने वाली पुलिस की ओर से नियमों का पालन नहीं किया जाता है। वे लोगों को जागरूक करने की बजाय खुद ही नियमों की अवहेलना करते हुए दिखाई देते है।
जागरण संवाददाता, कैथल :
जिला में वाहन चालकों को जागरूक करने वाली पुलिस की ओर से नियमों का पालन नहीं किया जाता है। वे लोगों को जागरूक करने की बजाय खुद ही नियमों की अवहेलना करते हुए दिखाई देते है। इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस की ओर से चौक चौराहों पर भी यातायात व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस कर्मचारियों की ओर से ड्यूटी नहीं की जा रही है। ऐसे में कोहरे के दौरान वाहन चालकों में जागरूकता की कमी आती है। इसके साथ ही शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर चालकों को जागरूक करने वाली संस्था भी इस समय एक्टिव नहीं है। यदि शहर में पुलिस और चालकों को जागरूक करने अन्य संस्था के सदस्य एक्टिव होंगे तो वाहन चालकों में जागरूकता अवश्य होगी।
बॉक्स :
पिहोवा चौक को छोड़ अन्य किसी चौक पर तैनात नहीं पुलिस कर्मी :
शहर में स्थित सभी चौकों पर यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस कर्मी तैनात नहीं किए गए है। जिस कारण भी वाहन चालकों में जागरूकता नहीं आती है। बता दें कि पिहोवा चौक को छोड़कर अन्य किसी भी चौक पर पुलिस कर्मी तैनात नहीं है। वहीं चौकों पर ट्रैफिक के पुलिस कर्मचारियों का मौजूद न होना, कर्मचारियों की कमी भी है।
बॉक्स :
चलाया जाएगा अभियान :
सड़क सुरक्षा संगठन के जिला प्रधान राजू शर्मा डोहर ने बताया कि जल्द ही वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए संस्था की ओर से जल्द ही अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए रिफ्लेक्टर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही स्कूल व कॉलेजों में सेमिनार आयोजित कर विद्यार्थियों को भी जागरूक किया जाएगा। हर वर्ष सर्दी के मौसम में संस्था का वाहन चालकों को जागरूक करने का पूरा प्रयास रहता है।
बॉक्स :
ट्रैफिक पुलिस सजग :
यातायात पुलिस प्रभारी मुख्तयार सिंह ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस की ओर से सर्दी का मौसम शुरू होने के बाद पिछले दो महीने में जागरूकता के साथ 800 चालान भी काटे गए हैं। यातयात को लेकर नियम सभी के लिए समान है। नियम तोड़ने वाले किसी भी वाहन चालक को नहीं बख्शा जाएगा। ट्रैफिक पुलिस यातायात नियमों को लेकर सजग है।