युद्ध हुआ तो 50 वर्ष पीछे जाएगा देश, खुफिया तंत्र को मजबूत करने के साथ-साथ ठोस कार्रवाई की जरूरत
जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सेना की गाड़ी पर हुए आत्मघाती हमले में 40 जवानों की शहादत के बाद देश की जनता में आक्रोश है। हर रोज देश के अलग अलग हिस्सों में रोष प्रदर्शन हो रहे हैं। जनता सरकार से युद्ध कर पाकिस्तान को जवाब देने की मांग कर रही है। घटना को लेकर ही दैनिक जागरण कार्यालय में पैनल डिस्कशन का आयोजन किया गया। विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवी व्यक्तियों ने अपने विचार रखे।
जागरण संवाददाता, कैथल : जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सेना की गाड़ी पर हुए आत्मघाती हमले में 40 जवानों की शहादत के बाद देश की जनता में आक्रोश है। हर रोज देश के अलग अलग हिस्सों में रोष प्रदर्शन हो रहे हैं। जनता सरकार से युद्ध कर पाकिस्तान को जवाब देने की मांग कर रही है। घटना को लेकर ही दैनिक जागरण कार्यालय में पैनल डिस्कशन का आयोजन किया गया। विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवी व्यक्तियों ने अपने विचार रखे। डिस्कशन में सामने आया कि युद्ध इसका एक मात्र समाधान नहीं है और ना ही हर चीज का जवाब गोली से दिया जा सकता है। युद्ध हुआ तो देश 50 वर्ष पीछे चला जाएगा, क्योंकि पाकिस्तान भी परमाणु शक्ति संपन्न देश है। ऐसे में भारत को अपने खुफिया तंत्र को मजबूत करने के साथ ही समय समय पर ठोस कार्रवाई की जरूरत है।
मेजर शमशेर सिंह ढुल ने कहा कि देश की सभी सेनाओं को आधुनिक बनाने के साथ ही खुफिया तंत्र को भी मजबूत करना होगा। पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए कुटनीतिक चालें चलनी होगी। वर्तमान में भारत ने पाकिस्तान को पूरी दुनिया से अलग थलग करने में काफी कामयाबी हासिल की है। आने वाले समय में इस दिशा में और तेजी से काम करने की जरूरत है। चीन को भारत की तरक्की पसंद नहीं है और वो भारत को नीचा दिखाने के लिए पाकिस्तान की मदद कर रहा है।
सैन्य जानकारी लीक करने वालों को मिले सख्त सजा
डॉ. कविता सहारण ने कहा कि इतनी मात्रा में विस्फोटक जमा करने व जो बस बुलेट प्रुफ नहीं थी उसको ही निशाना बनाने से पता चलता है कि आतंकियों को सेना से जुड़ी सभी जानकारी पहले से ही थी। ऐसे लोगों को पहचानने की जरूरत है और जो लोग सैन्य से जुड़ी जानकारियों को बेच रहे हैं या लीक कर रहे हैं उनकी पहचान कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।