तंवर बोले- विधानसभा चुनाव के बाद ही पार्टी तय करेगी कौन होगा मुख्यमंत्री
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अशोक तंवर ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी मुख्यमंत्री का चेहरा पेश करेगी।
जेएनएन, कलायत (कैथल)। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी मुख्यमंत्री का चेहरा पेश करेगी। सीएम की कुर्सी के लिए पार्टी में किसी तरह का कलह नहीं है। सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने क्षेत्रों में संगठन की मजबूती के लिए पसीना बहा रहे हैं। वे कलायत अनाज मंडी में एकलव्य ग्रुप की ओर से आयोजित मजदूर-किसान एकता रैली को संबोधित कर रहे थे। रैली की अध्यक्षता युवा नेता संजय मोर ने की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा बौखला गई है। षड्यंत्र के तहत कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का वजूद खराब करने की साजिश रची जा रही हैं। प्रधानमंत्री की कुर्सी पर आसीन होने के बाद राहुल गांधी दिखला देंगे कि जनहित में विकास कैसे होता है।
तंवर ने कहा कांग्रेस का गठबंधन हरियाणा में सीधा जनता के साथ रहेगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र में कांग्रेस ने मौजूदा सरकार को चौतरफा घेरने की तैयारी की है। कांग्रेस विधायक विधानसभा में जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार से सवाल जवाब करेंगे। विधानसभा में 80 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें