घर पर मास्क बना जरूरतमंद लोगों का बांट रही सुमन राणा
सुमन घर पर मास्क बनाकर लोगों को कोरोना महामारी से बचाने में जुटी है। अब तक वह एक हजार मास्क तैयार कर चुकी हैं।
जागरण संवाददाता, कैथल : कोरोना की दूसरी लहर में भी कलायत निवासी सुमन राणा जरूरतमंदों का सहारा बनी हुई है। सुमन घर पर मास्क बनाकर लोगों को कोरोना महामारी से बचाने में जुटी है। अब तक वह एक हजार मास्क तैयार कर चुकी हैं। पिछले साल भी उन्होंने तीन हजार से ज्यादा मास्क बनाकर बांटे थे। इस बार जैसे ही संक्रमण बढ़ा तो सुमन ने फिर से मास्क बनाने शुरू कर दिए।
सुमन बताती हैं कि घर पर ही कपड़े मास्क तैयार किए जा रहे हैं। साथ ही उनको जरूरतमंदों तक वितरित किया जा रहा है, ताकि बीमारी से लोगों को बचाया जाए। घर में खाली बैठने से अच्छा है, समाजसेवा में अपनी भागीदारी निभाई जाए।
खुद तैयार करती हैं मास्क
बता दें कि पिछले साल लॉकडाउन में घर बैठकर जरूरतमंदों के लिए कपड़े के मास्क बनाकर निशुल्क वितरण किए थे। सुमन राणा खुद प्रतिदिन छह घंटे सिलाई कर मास्क तैयार कर रही हैं। समाजसेवा के साथ महिलाओं को सैनिटाइजर व दो गज की दूरी के बारे में भी जागरूक करती हैं।
प्रशासन के साथ मिलकर करवा रही है राशन किट का प्रबंध
सुमन बताती हैं कि जरूरतमंदों के लिए प्रशासन से मिलकर राशन किट का भी प्रबंध करवाते हैं, ताकि कोई भूखा न सोए। संस्था के सदस्य आमजन से जुड़े रहते हैं। इसका फायदा यह मिलता है कि किसी को राशन की जरूरत होती है तो लोग संस्था को इसकी जानकारी देते हैं। इसके बाद संस्था के सदस्य प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग से उस जरूरतमंद तक राशन किट पहुंचाते हैं।
मास्क जरूरी, पर रखें दो गज की भी दूरी
सुमन बताती हैं कि बेशक कोरोना को हराने के लिए टीकाकरण का काम चल रहा है, लेकिन आज भी संक्रमण रोकने के लिए मास्क ही सबसे अचूक हथियार है। इसलिए बिना मास्क न घूमें। बहुत जरूरी होने पर भी घर से बाहर निकलें। भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। बाहर से जब भी कोई सामान लाएं तो उसे सैनिटाइज कर लें। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यह बात हर समय ध्यान रखें कि मास्क जरूरी, पर दो गज की दूरी का भी पालन करें।
ऐसे तैयार करती हैं मास्क
सुमन घर पर सिलाई मशीन के जरिए डबल लेयर, थ्री प्लेट्स कॉटन का सफेद, लाल के अलावा अन्य रंगों के भी मास्क बना रही हैं। कपड़े के इस मास्क की खासियत है कि इसे पहनने के बाद धोकर प्रेस करने के पश्चात सैनिटाइज कर फिर से उपयोग में लिया जा सकता है, जबकि बाजार में बिकने वाले मास्क यूज एंड थ्रो हैं। घरेलू मास्क बार-बार प्रयोग कर सकते हैं।