चार हजार मास्क बनाकर बांट चुकीं सुमन राणा
कोरोना वायरस के खिलाफ जंग लड़ने में नगर की महिलाएं भी अपना अहम योगदान दे रही हैं। कलायत की सुमन राणा घर पर तैयार किए गए मास्क को जरूरतमंदों को वितरित कर रही है।
संवाद सहयोगी, कलायत: कोरोना वायरस के खिलाफ जंग लड़ने में नगर की महिलाएं भी अपना अहम योगदान दे रही हैं। कलायत की सुमन राणा घर पर तैयार किए गए मास्क को जरूरतमंदों को वितरित कर रही है। सुमन का कहना है कि कोरोना के चलते स्कूल बंद है। घर में खाली बैठने से अच्छा है समाजसेवा में अपनी भागीदारी निभाई जाए। लॉकडाउन में घर बैठकर जरूरतमंदों के लिए कपड़े के मास्क बनाकर निशुल्क वितरण कर रही है। इन्होंने अब तक चार हजार मास्क बनाकर वितरित कर दिए है। सुमन राणा स्वयं के व्यय से प्रतिदिन छह घंटे सिलाई कर मास्क तैयार कर रही हैं।
उन्होंने बताया सुबह घर का काम कर वह मास्क तैयार करने में लग जाती है। सुरक्षा की दृष्टि से मास्क लगाना जरूरी है। ऐसी स्थिति में मास्क की कमी को पूरा करने के लिए अपने स्तर से प्रयास किया जा रहा है। वह लगातार घर पर सिलाई मशीन के जरिए डबल लेयर, थ्री प्लेट्स कॉटन का सफेद, लाल व हर तरह के रंग का मास्क बना रही है। कपड़े के इस मास्क की खासियत है कि इसे पहनने के बाद धोकर प्रेस करने के पश्चात सैनिटाइज कर फिर से उपयोग में लिया जा सकता है, जबकि बाजार में बिकने वाले मास्क यूज एंड थ्रो हैं। घरेलू मास्क बार-बार उपयोग में लिए जा सकते हैं।