भीषण गर्मी के कारण जन-जीवन प्रभावित, शीतल पेय पदार्थ की बढ़ी मांग
भीषण गर्मी के कारण शहर में लोगों का जन-जीवन प्रभावित हो गया है। सुबह 9 बजते ही तेज धूप के कारण लोगों की दिक्कतें बढ़ जाती है। दोपहर के समय तो सड़कें सुनसान हो रही हैं।
कैथल, जेएनएन। भीषण गर्मी के कारण शहर में लोगों का जन-जीवन प्रभावित हो गया है। सुबह 9 बजते ही तेज धूप के कारण लोगों की दिक्कतें बढ़ जाती है। दोपहर के समय तो सड़कें सुनसान हो रही हैं। सोमवार को 44 डिग्री तापमान था। मंगलवार को तापमान बढ़कर 45 डिग्री पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के मौसम में दोपहर के समय गर्म हवाएं चल रही हैं। इस मौसम में ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ रही है। गर्मी से बचाव के लिए लोग जूस सहित अन्य तरल पदार्थ पी रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी एक सप्ताह तक गर्मी से निजात मिलने के आसार नहीं है। जबकि 29 से 31 मई तक आंधी के साथ हल्की बरसात होने का अनुमान हैं। उनका यह भी कहना है कि यदि इस समय अधिक गर्मी पड़ेगी तो मानसून भी समय के अनुसार आएगा। गर्म हवाओं के चलते सड़कें सुनसान दोपहर के समय शहर के चौक-चौराहे पूरी तरह से सुनसान रहे। इस समय स्थिति ऐसी थी कि शहर के मुख्य बाजार, पिहोवा चौक, कबूतर चौक पर हर समय रहने वाली भीड़ व्यस्त रहने वाले चौक-चौराहे पर दोपहर के समय सन्नाटा रहा। इस मौसम में सब्जियों की फसल प्रभावित हो रही है। सुबह दस बजते ही तेज धूप के कारण लोगों की परेशानी बढ़ जाती है।
खूब सताएगी गर्मी
कृषि वैज्ञानिक रमेश चंद वर्मा ने बताया कि अभी अगले एक सप्ताह तक गर्मी खूब सताएगी। जबकि 29 से 31 मई तक आंधी के साथ हल्की बरसात होने के आसार बने हैं। गर्मी अधिक होने से मानसून समय पर आएगा।