संविधान आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
कलायत के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में संविधान विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल प्रधानाचार्य गुरनाम सिंह ने की। प्रतियोगिता में कक्षा नौवीं से 12वीं के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
संवाद सहयोगी, कलायत : कलायत के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में संविधान विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल प्रधानाचार्य गुरनाम सिंह ने की। प्रतियोगिता में कक्षा नौवीं से 12वीं के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। संविधान आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्रश्नों का सटीक एवं उत्साहपूर्वक जवाब दिया। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संविधान संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने संविधान निर्माण की प्रक्रिया व संविधान की विशेषता व संविधान का महत्व, मौलिक कर्तव्य, मौलिक अधिकारों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को विस्तार से बताया। गुरनाम सिंह ने कहा कि भारत का संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। इसी आधार पर भारत को दुनिया का सबसे बड़ा गणतंत्र कहा जाता है। उन्होंने बताया कि एक नागरिक के अधिकार दूसरों के कर्तव्य हो जाते हैं। यदि प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों की पालना अच्छी तरह करें तो प्रत्येक नागरिक के अधिकार सुरक्षित रह सकते हैं। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप में प्रस्तावना पढ़ते हुए भारत की संपूर्ण प्रभुता, समाजवाद, धर्म निष्पक्षता लोकतंत्र गणराज्य की गरिमा को बनाए रखने का प्रण लिया। इस अवसर पर डा. कुलदीप, प्राध्यापक अशोक गोयल, संजय कुमार, सुरेश कुमार, सुनील कुमार, अध्यापिका आशा, सोनिया गर्ग, नीलम मौजूद थे।