मायापुरी कालोनी में सीवरेज व्यवस्था बदहाल, लोग परेशान
शहर के करनाल रोड स्थित मायापुरी कॉलोनी में सीवरेज व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। इस कारण यहां रहे कॉलोनी के लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
जागरण संवाददाता, कैथल : शहर के करनाल रोड स्थित मायापुरी कॉलोनी में सीवरेज व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। इस कारण यहां रहे कॉलोनी के लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बरसात होने के बाद तो यहां से निकलना भी दुश्वार हो जाता है। जिसके चलते काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कॉलोनी में सीवरेज व्यवस्था ठप होने के कारण खाली पड़े प्लाटों और गलियों में जलभराव हो रहा है। कॉलोनीवासी शमशेर, रामपाल, सतबीर, ईश्वर, सोमप्रकाश, पाला, केलो, मूर्ति, मिया सिंह, ने बताया कि उनकी कॉलोनी में यह समस्या पिछले दिन सालों से ही जारी है। जिसका कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। इसकी शिकायत कई बार संबंधित विभाग को दी गई है। यहां पर गलियां भी कच्ची है। जिस कारण यह समस्या और अधिक बढ़ती है। बरसात के समय में तो मकानों की नींव में पानी जाता है। जिससे मकान गिरने का भी भय बना है। बदहाल सीवरेज व्यवस्था के कारण यहां पर गंदगी का आलम है। जिस कारण यहां पर रह रहे लोगों को जीना दुश्वार हो चुका है।
दो साल से है समस्या
जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन कर्णवीर ने बताया कि यह समस्या करीब दो साल से चल रही है। इसका टेंडर अमरुत योजना के तहत हुआ है। जब अमरूत योजना वाले वहां पर सीवरेज पाइप डालेंगें। तभी इस समस्या का समाधान होगा। लोगों को राहत देने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से समय समय पर इंजन के साथ पानी निकाला जा रहा है।
वहीं पार्षद प्रतिनिधि बलजीत रंगा ने कहा कि वह जन स्वास्थ्य विभाग में कई बार इस समस्या को लेकर गए हैं। इस समस्या को लेकर फोन के माध्यम से एसडीओ को भी जानकारी दी है, लेकिन यहां पर समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है। यदि इस समस्या का जल्द ही समाचार नहीं हुआ तो वह ठोस कदम उठाएंगे।