कैथल में हादसा, ट्रक चालक ने अचानक लगाई ब्रेक, पीछे से बाइक टकराई, बिहार के दो युवकों की मौत, एक गंभीर
कैथल में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया है। युवक बिहार के रहने वाले हैं। हादसा ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने की वजह से हुआ।
कैथल, जागरण संवाददाता। कैथल के ढांड तहसील के पास एक सड़क हादसे में दो प्रवासी युवकों की मौत हो गई। एक युवक को रोहतक पीजीआइ रेफर किया गया है। इस मामले में पथारजोलहनिया जिला सुपौल बिहार हाल निवासी ढांड नवीन कुमार की शिकायत पर ढांड थाना में ट्रक चालक पर केस दर्ज किया गया है।
शिकायत में बताया कि गांव कनपुर जिला सुपौल बिहार निवासी धर्मेंद्र, लाउड जिला सुपौल बिहार निवासी गुरदेव मंडल और गांव रामनगर जिला सुपौल बिहार निवासी कार्तिक मंडल बाइक पर कुरुक्षेत्र से ढांड आ रहे थे। वह भी अपनी अलग बाइक पर उनके पीछे चल रहा था।
सोमवार रात करीब नौ बजे ढांड तहसील के पास एक ट्रक चालक ने अचानक से ट्रक को दूसरी साइड मोड कर ब्रेक लगा दिए। तीनों की बाइक ट्रक से टकरा गई। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस की दो गाड़ी और एक एंबुलेंस आ गई। तीनों को नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डाक्टरों ने गुरदेव और कार्तिक को मृत घोषित कर दिया। घायल धर्मेंद्र को पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दी हादसे की सूचना
मृतक गुरदेव के चाचा रमेश मंडल ने बताया कि रात करीब साढ़े नौ बजे उसके पास गुरदेव के पिता अशोक का फोन आया था। उसने पूछा क्या तुम्हारे पास गुरदेव आया है तो उसने कहा कि उनके पास नहीं आया है। उन्होंने गुरदेव का फाेन मिलाया तो मिला नहीं। रात करीब साढ़े दस बजे गुरदेव का फाेन मिला तो एक पुलिस कर्मचारी ने उठाया। उस समय ही उन्हें हादसे के बारे में सूचना मिली।
विवाहित था कार्तिक
मृतक कार्तिक के चाचा सुरेश ने बताया कि उन्हें रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस ने हादसे की सूचना दी थी। कार्तिक विवाहित था और उसके पास एक लड़का व एक लड़की है। गुरदेव अविवाहित था। वे सभी बिहार से आए हुए हैं। करीब दो महीने से ढांड में किराए के घर में रह रहे थे। सभी ढांड से कुरुक्षेत्र मजदूरी करने के लिए जाते थे। कई बार काम पर देरी हो जाती थी तो कुरुक्षेत्र में भी रुक जाते थे।
"ढांड थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने नवीन कुमार की शिकायत पर ट्रक चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया और चालक अभी फरार है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।"