विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैथल: आरकेएसडी कॉलेज में उत्साह के साथ हुआ NCC कैडेट्स का चयन; सांस्कृतिक कार्यक्रम में दिखा छात्राओं का जलवा

Published: Sat, 12 Sep 2026 04:01 PM (IST)

आरकेएसडी कॉलेज, कैथल में नए कैडेट्स के चयन हेतु एनसीसी भर्ती अभियान चलाया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हरियाणा के कॉलेज में NCC भर्ती अभियान (जागरण फोटो)

हरियाणा के कॉलेज में NCC भर्ती अभियान (जागरण फोटो)

HighLights

  1. आरकेएसडी कॉलेज कैथल में एनसीसी भर्ती अभियान का आयोजन

  2. विद्यार्थियों ने शारीरिक एवं व्यावहारिक परीक्षा में उत्साह से भाग लिया

  3. एनसीसी अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करती है

जागरण संवाददाता, कैथल। आरकेएसडी कॉलेज में नए कैडेट्स के चयन एवं भर्ती के लिए एनसीसी भर्ती अभियान का आयोजन किया गया।

विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं जोश के साथ भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया। एनसीसी का हिस्सा बनने के लिए अपनी शारीरिक क्षमता, अनुशासन एवं आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।

भर्ती प्रक्रिया के दौरान 10 हरियाणा बटालियन एनसीसी, कुरुक्षेत्र से आए पीआइ स्टाफ संजय एवं परमजीत ने विद्यार्थियों की शारीरिक एवं व्यावहारिक परीक्षा ली। विद्यार्थियों ने भर्ती प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

एनसीसी केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं

कॉलेज प्रधान अश्वनी शोरेवाला ने नव-चयनित कैडेट्स को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, साहस और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। आज के युवाओं में नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने विद्यार्थियों को एनसीसी की विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों को न केवल अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए तैयार करती है, बल्कि उनमें नेतृत्व, निर्णय लेने की क्षमता और आत्मविश्वास का भी विकास करती है। एनसीसी के एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. रघुबीर लांबा एवं लेफ्टिनेंट डॉ. रितु कंग और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की।

कॉलेज में हुआ शुंगल कुड़ियां दा समारोह का आयोजन

आरकेएसडी कॉलेज के पंजाबी विभाग की तरफ से कॉलेज परिसर में शुंगल कुड़ियां दा नामक सांस्कृतिक एवं मनोरंजक समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में पंजाबी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रेखा तंवर का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में प्रथम स्थान पर अर्शदीप बीए प्रथम वर्ष, द्वितीय स्थान पर शमनदीप बीए तृतीय वर्ष और तृतीय स्थान पर जैस्मीन बीपीएस द्वितीय वर्ष की छात्रा रही।

इस अवसर पर डॉ. राजबीर पराशर, शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. गुरदीप भोला और इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश मित्तल विशेष रूप से उपस्थित रहे।