बरसे बदरा, गर्मी व उमस से मिली राहत
बुधवार को मौसम में बदलाव के बाद बरसात शुरू हो गई। आठ बजे से दस बजे तक बरसात हुई। इस बरसात से जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली वहीं शहर में कई जगहों पर सीवरेज ठप होने से जल भराव की स्थिति के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जागरण संवाददाता, कैथल :
बुधवार को मौसम में बदलाव के बाद बरसात शुरू हो गई। आठ बजे से दस बजे तक बरसात हुई। इस बरसात से जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं शहर में कई जगहों पर सीवरेज ठप होने से जल भराव की स्थिति के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेलवे अंडरपास में जमा पानी के चलते लोगों की आवाजाही बंद हो गई। करीब दस कालोनी के लोगों को दूसरे रास्तों से होकर लघु सचिवालय, आरकेएसडी कॉलेज, आइजी कॉलेज, बाजार, पुरानी मंडी व अन्य स्थानों पर आना-जाना पड़ा। इसी प्रकार शहर की आसपास की कालोनियों में भी पानी जमा होने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
जाखौली अड्डा निवासी लाजपत सिगला ने बताया कि अंडर पास में पानी की निकासी को लेकर कोई व्यवस्था नहीं की गई है। यहां बरसात होते हुए पानी जमा हो जाता है। अंडरपास की सड़क अंदर से टूट चुकी है। गहरे गड्ढे होने के कारण हादसे हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि खाली प्लाटों में पानी जमा होने के बाद मच्छरों की भरमार होगी, इससे मलेरिया व डायरिया जैसी बीमारियां बढ़ेंगी। इसलिए प्रशासन को पहले ही जमा बरसाती पानी में दवाई का छिड़काव करना चाहिए, ताकि बीमारियों को रोका जा सके।
बाक्स- सब्जियों की फसल को होगा फायदा
दो दिन पहले तापमान 40 डिग्री तापमान पहुंच गया था। इस बरसात से लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है। बरसात के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। बरसात होने के बाद सब्जियों की फसल को फायदा होगा। तेज धूप के चलते सब्जियां प्रभावित हो रही थी। -----------
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप