रात को कर्फ्यू तोड़ बाहर निकले लोगों पर पुलिस ने भांजी लाठियां
लॉकडाउन थ्री के साथ जिला प्रशासन ने सोमवार रात सात बजे से सुबह सात बजे तक कर्फ्यू भी लगा दिया। दिन में सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक बाजार खुले रहेंगे। पुलिस प्रशासन ने सूचना तंत्रों के माध्यम से लोगों को कर्फ्यू का पालन करने के लिए जागरूक किया। इसके बावजूद कई लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और कर्फ्यू का उल्लंघन करते हुए सड़कों पर बाइक दौड़ाते नजर आए। ऐसे लापरवाह लोगों के खिलाफ पुलिस सख्त दिखाई दी।
जागरण संवाददाता, कैथल: लॉकडाउन थ्री के साथ जिला प्रशासन ने सोमवार रात सात बजे से सुबह सात बजे तक कर्फ्यू भी लगा दिया। दिन में सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक बाजार खुले रहेंगे। पुलिस प्रशासन ने सूचना तंत्रों के माध्यम से लोगों को कर्फ्यू का पालन करने के लिए जागरूक किया।
इसके बावजूद कई लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और कर्फ्यू का उल्लंघन करते हुए सड़कों पर बाइक दौड़ाते नजर आए। ऐसे लापरवाह लोगों के खिलाफ पुलिस सख्त दिखाई दी।
पुलिस ने पिहोवा चौक, ऋषि नगर, पुराना बस अड्डा व चंदाना गेट पर वाहनों को रोककर कारण पूछा तो कोई ठोस जवाब नहीं दे पाए। ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस सख्त दिखाई दी। पुलिस ने युवाओं को अपने तरीके से सजा दी। किसी को मुर्गा बनाया तो किसी से उठक-बैठक करवाई। कान पकड़वाते हुए चेतावनी देकर छोड़ दिया। कई महिलाएं भी सड़क पर टहलते हुए दिखी तो पुलिस कर्मचारियों ने उन्हें समझाते हुए घर में अंदर जाने को कहा।
खाना लेकर घर लौट रहे डॉक्टर के बाजू पर मारा डंडा
नेहरू गार्डन कालोनी निवासी विपुल शर्मा पिछले साल ही रूस से डॉक्टर की पढ़ाई पूरी कर लौटा है। डॉ. विपुल रात को अपने मामा के घर से टिफिन में खाना लेकर अपने घर लौट रहा था तो बाइक पर सवार दो पुलिस कर्मियों ने उसे जाट स्कूल के पीछे रोक लिया। विपुल ने बताया कि वे डाक्टर है और खाना लेकर अपने घर जा रहा है। उसने बताया कि उसके पिता भी सरकारी अस्पताल में डॉक्टर हैं, लेकिन पुलिस वालों ने उनकी एक न सुनी और उसकी बाई बाजू पर डंडा मारा। इसके बाद पुलिस वालों ने उससे बीच सड़क में उठक-बैठक लगवाई। वहां अपने अपने घरों में मौजूद कई लोगों ने इसकी वीडियो बना ली और सोशल मीडिया पर डाल दी जिससे डॉ.विपुल की मानहानि हुई है और वे डिप्रेशन में है।
वहीं सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रहलाद राय ने कहा कि इस प्रकार को कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कोई शिकायत भी नहीं आई है। जब कोई शिकायत आएगी तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बाजारों में नहीं दिखा शारीरिक दूरी का पालन
लॉकडाउन थ्री के दूसरे दिन भी लोग शारीरिक दूरी का उल्लंघन करते हुए दिखे। लोगों ने सरकार की हिदायतों का कोई ख्याल नहीं रखा। बैंकों के बाहर लंबी-लंबी कतार लगी दिखाई दी। बाजारों में दुकानों के अंदर भीड़ नजर आई, जबकि आदेश हैं कि केवल पांच लोग ही अंदर एक समय में जा सकते हैं, इस दौरान शारीरिक दूरी का पालन करना होगा, लेकिन ऐसा कुछ दिखाई नहीं दिया। सब्जी मंडी, नई अनाज मंडी, बाजारों में लोग नियमों को ठेंगा दिखा रहे हैं।
हालांकि कई गांव की पंचायतों की तरफ से लॉकडाउन का पालन करने के लिए बेहतर काम किये जा रहे हैं। रात को ठीकरी पहरा लगाया जा रहा है, लेकिन शहरों में लोग पालन नहीं कर रहे हैं। कालोनियों में लोग देर रात तक मकानों के बाहर बैठे रहते हैं। पुलिस प्रशासन को कालोनियों में पेट्रोलिग करते हुए कार्रवाई करनी चाहिए।
पेट्रोलिंग करने के निर्देश जारी किये
एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि सभी पुलिस थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पेट्रोलिग करने के निर्देश जारी किये गए हैं। लोगों को लॉकडाउन का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। अगर इसके बावजूद कोई नियम तोड़ता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। लोगों से अपील है कि सरकार की हिदायतों का पालन करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।