आपरेशन दुर्गा के तहत मनचलों पर कसा शिकंजा, काटे चालान, दो बाइक जब्त
स्कूल में आने वाली छात्राओं के साथ रास्ते में होने वाली छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने के लिए बुधवार को महिला थाना पुलिस ने आपरेशन दुर्गा चलाया। इस दौरान आठ मोटरसाइकिल चालकों के चालान काटे व दो को जब्त किया गया। छुट्टी के बाद घर लौट रही छात्राओं व मार्केट के दुकानदारों ने पुलिस के इस अभियान की तारीफ की। यह अभियान महिला थाना प्रभारी निर्मला की अध्यक्षता में चलाया गया।
जागरण संवाददाता, कैथल :

अभियान के दौरान इंस्पेक्टर सहित चार पुलिस कर्मचारी सादी वर्दी में थी। पुलिस कर्मचारियों ने मनचलों को भागते हुए पकड़ा। छात्राओं ने अपने शिकायत में कहा कि स्कूल आते-जाते समय कुछ युवक गलियों में खड़े रहते हैं। तेज आवाज में हॉर्न बजाते हुए नजदीक से मोटरसाइकिल निकालकर ले जाते हैं। अश्लील फब्तियां कसते हुए परेशान करते हैं। छात्राओं की इन शिकायतों पर महिला थाना प्रभारी ने कहा कि नियमित रूप से बाजारों में यह अभियान चलाया जाएगा। छात्राओं को 1091 नंबर पर सूचना देने बारे भी जागरूक किया।
बाक्स- स्कूल की छुट्टी के बाद पहुंची पुलिस
गीता भवन मंदिर के नजदीक स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छुट्टी होने के बाद महिला थाना प्रभारी व दुर्गा शक्ति टीम सर्राफा बाजार में पहुंची। पुलिस ने यहां वाहनों को रुकवाकर चालान किए। कई युवक पुलिस की इस कार्रवाई को देखकर मोटरसाइकिल दौड़ाते हुए भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुरानी सब्जी मंडी से तलाई बाजार को जाने वाली गली में भी पुलिस ने वाहनों के चालान काटे। इस अभियान के दौरान आठ वाहनों के चालान किए गए। दो वाहनों को जब्त भी किया गया। दुकानदारों ने बताया कि स्कूल की छुट्टी के बाद यहां काफी समस्या रहती है।
बाक्स- हेलो जागरण कार्यक्रम
में रखी थी शिकायत
14 जनवरी को दैनिक जागरण कैथल कार्यालय में हेलो जागरण कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी निर्मला ने लोगों की शिकायत सुनी थी। लोगों ने फोन कर अपनी शिकायत रखते हुए कहा था कि स्कूल में आने व घर लौटने के समय सुनसान गलियों में मनचले खड़े रहते हैं जो छात्राओं को परेशान करते हैं। पुलिस ने इन शिकायतों को नोट करते हुए छुट्टी के बाद बुधवार को खुले स्कूलों के बाद अभियान चलाया। एसएचओ ने बताया कि जल्द ही पुलिस सीवन, पूंडरी, राजौंद, गुहला-चीका व कलायत में भी ऑपरेशन दुर्गा चलाया जाएगा।