रेडक्रॉस दिवस पर जिले भर में चलाया गया विशेष जागरूकता अभियान
विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर शनिवार को रेडक्रॉस के संस्थापक सर हेनरी ड्यूनैंट को श्रद्धांजलि स्वरूप पूरे जिले में जेआरसी काउंसलर द्वारा गांव-गांव में जाकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
जागरण संवाददाता, कैथल: विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर शनिवार को रेडक्रॉस के संस्थापक सर हेनरी ड्यूनैंट को श्रद्धांजलि स्वरूप पूरे जिले में जेआरसी काउंसलर द्वारा गांव-गांव में जाकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी अनिल शर्मा और जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव रामजी लाल ने इस अभियान का नेतृत्व किया। जेआरसी काउंसलर संयोजिका अंजु शर्मा की टीम ने गांव क्योड़क, बलवंती, जसवंती, जगदीशपुरा, उझाना, ग्रढ़ी, पाडला, गुहणा, छौत, भानपुरा, बस स्टैंड कैथल, गांव क्योड़क के पास ईंट भट्ठा और सेक्टर 21 में जिमखाना क्लब के पीछे झुग्गी-झोपड़ियों में लोगों को कोरोना को लेकर जागरूक किया। इन जगहों पर बच्चों को चप्पलें, फल, और मास्क वितरित किए गए। लोगों को मास्क और सैनिटाइजर के साथ-साथ पैरासिटामॉल की गोलियां भी दी गई। अंजु शर्मा ने कहा कि इस वैश्विक महामारी से बचने के लिए सभी को सरकार की ओर से जारी हिदायतों का पालन करना चाहिए। दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी का मूलमंत्र याद रखना होगा। काउंसलर पंकज सेतिया और शॉनिक सेतिया ने लोगों को बताया कि 18 साल से ऊपर के सभी लोगों के लिए वैक्सीनेशन लगवाना जरूरी है। गांव क्योड़क में सरपंच बलकार सिंह आर्य ने इस अभियान में सहयोग दिया। समाजसेवी राजेश गोयल ने इस अभियान में सहयोग देते हुए भट्ठा मजदूरों के बच्चों के लिए चप्पलें दान कीं। अश्विनी कुमार, जयभगवान शास्त्री, कुलदीप सिंह, सतपाल कौशिक, करतार सिंह, चरण सिंह भी अभियान में शामिल रहे। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव रामजी लाल ने इस विशेष अभियान में किए गए सभी काउंसलर्स के मानवीय कार्यों की सराहना की।