नप अधिकारियों का दावा फेल, दूसरे दिन भी नहीं हुआ कचरे का उठान
नगर परिषद की तरफ से दो दिनों से कचरे का उठान नहीं किया जा रहा है। डोर टू डोर कचरा उठान का ठेका रद होने के बाद नप ने दूसरी एजेंसी के जरिए 120 कर्मचारी लिए हुए हैं। सभी वाहन किराए पर लिए हुए हैं और नप अधिकारी अपने स्तर पर कचरे का उठान करवा रहे हैं। नप अधिकारी ना तो उठान नियमित करवा पा रहे हैं और ना ही नया टेंडर लगाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर पा रहे हैं।
जागरण संवाददाता, कैथल : नगर परिषद की तरफ से दो दिनों से कचरे का उठान नहीं किया जा रहा है। डोर टू डोर कचरा उठान का ठेका रद होने के बाद नप ने दूसरी एजेंसी के जरिए 120 कर्मचारी लिए हुए हैं। सभी वाहन किराए पर लिए हुए हैं और नप अधिकारी अपने स्तर पर कचरे का उठान करवा रहे हैं। नप अधिकारी ना तो उठान नियमित करवा पा रहे हैं और ना ही नया टेंडर लगाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर पा रहे हैं। दो अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन शहर से कचरा नहीं उठाया गया और रविवार को भी शहर के ज्यादातर कचरा प्वाइंट से उठान का कार्य नहीं किया गया। शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। कचरे से निकलने वाली गंदगी से लोग परेशान हैं, लेकिन नप अधिकारी कोई समाधान नहीं कर रहे हैं। शहर में ज्यादातर कचरा प्वाइंट मुख्य सड़कों के पास ही बनाए हुए हैं। ऐसे में वहां से निकलना मुश्किल हो रहा है। नगर परिषद के पास कच्चे और पक्के करीब 400 सफाई कर्मचारियों की फौज है। इनके वेतन पर करीब 70 लाख रुपये महीना खर्च होते हैं। सफाई पर इतना खर्च होने के बाद भी कचरे का उठान नहीं हो पा रहा है। बता दें कि सफाई शाखा के कर्मचारियों का दावा था कि शनिवार को शाम तक कचरा उठान हो जाएगा, लेकिन यह भी दावा ही रहा और सड़कों पर गंदगी के ढेर लगे रहे।
घरों से कचरा उठान बंद
नगर परिषद की तरफ से डोर टू डोर कचरा उठान का कार्य करवाया जा रहा है। दो दिनों से घर-घर से कचरा उठाने का कार्य बंद है। ऐसे में शहर के लोग आसपास खाली प्लाटों में गंदगी डालने को मजबूर हैं। शहर में 31 वार्ड हैं। इनमें से करीब दस वार्ड तो ऐसे हैं, जहां घर-घर से कचरा उठान नियमित नहीं किया जाता। नगर परिषद अधिकारी दूसरों को स्वच्छता का संदेश देते हैं, लेकिन स्वयं उस संदेश का पालन नहीं कर रहे हैं।
जल्द ही सभी कचरा प्वाइंट से उठान होगा
जिला पालिका आयुक्त कुलधीर सिंह ने बताया कि शहर से कचरा उठान ना होने की जानकारी मिली है। नप कार्यकारी अधिकारी को जल्द से जल्द कचरा उठान का कार्य शुरू करवाने के निर्देश दिए हैं। जल्द ही शहर के सभी कचरा प्वाइंट से उठान कर लिया जाएगा।