टयोंठा की मुस्कान राणा ने कुरुक्षेत्र विवि रत्नावली में लहराया परचम
पूंडरी क्षेत्र के गांव टयोंठा की मुस्कान ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र में आयोजित रत्नावली महोत्सव में धमाकेदार हरियाणवी एकल नृत्य महिला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
संवाद सहयोगी, पूंडरी: पूंडरी क्षेत्र के गांव टयोंठा की मुस्कान ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र में आयोजित रत्नावली महोत्सव में धमाकेदार हरियाणवी एकल नृत्य महिला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। बता दें कि मुस्कान टयोंठा के पूर्व सरपंच भूला राम राणा की पौत्री है। मुस्कान ने डीएवी स्कूल पूंडरी से दसवीं तक शिक्षा ग्रहण की। नृत्य के अलावा मुस्कान राणा योगा की भी राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी रह चुकी है। इससे पूर्व मुस्कान राणा 2014 में भी राज्यपाल के हाथों से सम्मानित हो चुकी है। अब मुस्कान राणा करनाल के राजकीय महिला महाविद्यालय की छात्रा है और करनाल की तरफ से ही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित रत्नावली में प्रतिभागी रही। मुस्कान ने बताया कि उनके पिता सतीश राणा ने उनके सपनों को पंख लगाने में पूरा सहयोग किया। जिसकी बदौलत आज मुस्कान कई बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा बिखेर चुकी है। मुस्कान ने बताया कि उनके दादा भूला राणा कभी नहीं चाहते थे कि उनके परिवार की बेटी किसी मंच पर नृत्य करे। लेकिन मुस्कान के नृत्य के प्रति बेहद लगाव को देखते हुए उनके पिता व माता सीमा राणा ने अपनी बेटी को खुले दिल से समर्थन किया। मुस्कान ने अपनी कामयाबी का अधिक श्रेय सुशील कुमार कैथल को दिया। मुस्कान ने बताया कि सुशील कुमार ने उनके पिता से भी बढ़कर उनका सहयोग किया।
मुस्कान ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से प्रस्तुति की रिहर्सल को लेकर करनाल से पूंडरी नृत्य सीखने के लिए जाती थी। उन्होंने अपनी योग्यता पर विश्वास था कि वह नृत्य प्रस्तुति में अच्छा प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल करेगी और किया भी।