Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    डेयरियों को सील करने पहुंचे पुलिस व नगर निगम कर्मचारियों को बेलचे से पीटा, चार घायल

    By JagranEdited By:
    Updated: Fri, 14 Sep 2018 01:14 AM (IST)

    शहर की विभिन्न कॉलोनियों में चल रही डेयरी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई दौरान नगर निगम प्रशासन को डेयरी संचालकों के विरोध का सामना करना पड़ा। डेयरी संचालक के साथ हुई झड़प के दौरान दो पुलिस कर्मचारी व दो नगर निगम कर्मचारी घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया गया, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

    डेयरियों को सील करने पहुंचे पुलिस व नगर निगम कर्मचारियों को बेलचे से पीटा, चार घायल

    जागरण संवाददाता, यमुनानगर : शहर की विभिन्न कॉलोनियों में चल रही डेयरी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई दौरान नगर निगम प्रशासन को डेयरी संचालकों के विरोध का सामना करना पड़ा। डेयरी संचालक के साथ हुई झड़प के दौरान दो पुलिस कर्मचारी व दो नगर निगम कर्मचारी घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया गया, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। मौके पर अधिकारियों के साथ भी तीखी बहस हुई। नगर निगम के ईओ दीपक सूरा की शिकायत पर पुलिस ने डेयरी संचालक के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्रवाई मं बाधा सहित अन्य कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गेट न खोलने पर बिगड़ी बात

    डेयरियों पर कार्रवाई के लिए नगर निगम टीम ईओ दीपक सूरा व तहसीलदार दर्शन लाल की अध्यक्षता में सुबह नौ बजे भाटिया नगर में पहुंची। चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर अनिल नैन भी विशेष रूप से मौजूद रहे। यहां डेयरी का गेट बंद था। कर्मचारियों ने गेट खोलने का प्रयास किया, लेकिन डेयरी मालिक ने अंदर से गेट बंद कर दिया। पुलिस व नगर निगम कर्मचारी दीवार फांदकर अंदर घुसे। इसी दौरान डेयरी संचालक ने उन पर बेलचे से हमला बोल दिया और पुलिस कर्मचारी राजेश व मैनेजर कुमार और नगर निगम कर्मचारी मोहन लाल गोरी (प्रधान मजदूर संघ) व सागर घायल हो गए। डेयरी संचालक ने नगर निगम की कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन टीम मौके पर डटी रही। इस डेयरी को अधिकारियों ने सील कर दिया और पांच पशु जब्त कर संचालक व अन्य के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी।

    ये दी शिकायत

    पुलिस को दी शिकायत में नगर निगम के कार्यकारी अधिकारी दीपक सूरा ने बताया कि 13 सितंबर को सुबह आठ बजे ड्यूटी मजिस्ट्रेट दर्शन कुमार तहसीलदार की देखरेख में कार्यकारी अधिकारी, नगर निगम के अन्य अधिकारी, कर्मचारी पुलिस बल के साथ भाटिया नगर में चेतन कुमार ओबराय व भरत ओबराय की डेयरी पर कार्रवाई के लिए पहुंचे। जिलाधीश यमुनानगर के आदेशानुसार यह कार्रवाई की गई। टीम जैसे ही कार्रवाई आरंभ करने के लिए डेयरी पर पहुंची तो उक्त संचालक कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करने लगे व बेलचा लेकर टीम पर टूट पड़े। इस दौरान यदि अन्य कर्मचारी अंदर न जाते तो वे इन कर्मचारियों को मार देते। पुलिस ने कार्यकारी अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

    चौथे चरण की थी कार्रवाई

    शहर में चल रही डेयरियों को शिफ्ट करने के लिए नगर निगम की ओर से कैल, दड़वा, औरंगाबाद व रायपुर में कांपलेक्स बनाया हुआ है। शहर में चल रही डेयरियों को शिफ्ट करने के लिए अब से पहले तीन बार कार्रवाई हो चुकी है। 200 डेयरियां शिफ्ट हो चुकी हैं। बृहस्पतिवार को चौथी कार्रवाई हुई। इस दौरान 13 डेयरियों पर कार्रवाई हुई। 30 पशु जब्त कर उन्हें नगर निगम के पशु बाड़े में भेज दिया। छह चालान हुए और एक डेयरी सील की गई। नगर निगम की यह कार्रवाई अलग-अलग कॉलोनियों में शाम तक यह कार्रवाई चलती रही। डेयरियों में रखे खल-बिनौले के कट्टे भी कर्मचारियों ने जब्त कर लिए।

    डेयरियों से यह नुकसान

    शहर में चल रही पशु डेयरियों के कारण गंदगी फैल रही है। एक-एक डेयरी में 50-70 पशु रखे हुए हैं। इनका गोबर नालियों में ही बहा दिया जाता है। जिससे नालियां व सीवरेज ब्लॉक हो जाते हैं। कई बार तो पशुओं के मरे हुए बच्चों को भी नाले में डाल दिया जाता है। शहर में पड़े खाली प्लॉटों में गोबर के ढेर लगे हुए हैं। इन डेयरियों को कांपलेक्स में शिफ्ट करने के लिए निगम की ओर से कई बार नोटिस दिए जा चुके हैं, लेकिन डेयरी कांपलेक्स में सुविधाएं न होने का हवाला देते हुए कुछ संचालक अभी शिफ्ट नहीं हुए।

    वर्जन

    जिला उपायुक्त गिरीश अरोड़ा के आदेशानुसार शहर में चल रही डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस दौरान डेयरी संचालक चेतन कुमार ओबराय व भरत ओबराय ने डेयरी पर पुलिस व नगर निगम कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इसकी शिकायत पुलिस का दे दी गई है। शहर को स्वच्छ रखने के लिए पशु डेयरियों को कांपलेक्स में शिफ्ट किया जा रहा है।

    दीपक सुरा, कार्यकारी अधिकारी नगर निगम।

    केस दर्ज कर हिरासत में ले लिया संचालक : एसएचओ

    थाना प्रभारी नरेंद्र राणा का कहना है कि डेयरी संचालक चेतन कुमार ओबराय व अन्य पर हत्या के प्रयास के अलावा विभिन्न धाराओं में केस किया है। एक आरोपित को हिरासत में ले लिया गया। जल्द फरार आरोपितों को काबू कर लिया जाएगा।

    comedy show banner
    comedy show banner