थम नहीं रहे आंसू.. आत्महत्या करने जा रही महिला की कीमत लगी 30 हजार, जीवन बन गया नरक
पति से झगड़े के बाद महिला आत्महत्या करने के लिए गई लेकिन वहां दो महिलाओं ने उसे बचा लिया और फिर दलदल में धकेल दिया।
कैथल [सुरेंद्र सैनी]। यह कहानी है एक बेबस महिला की। जिंदगी के बाजार में उसकी कीमत लगी सिर्फ 30 हजार रुपये। दो साल तक जुल्मों सितम के भंवर में फंसकर बाहर निकली महिला अब न्याय के लिए भटक रही है। आंसुओं की बूंद शब्द दर शब्द अमानवीयता की कहानी बयां कर रहे हैं। उसकी जिंदगी को शर्मनाक मोड़ पर लाने वाली भी दो महिलाएं ही हैं। जिन पर भरोसा किया, उन्होंने ही चंद रुपयों के लालच में दगा दे दिया। महिला ने यह कसूर जरूर किया कि पति से बीच बाजार झगड़े के बाद अलग हो गई। आत्महत्या से बचाने के लिए जो हाथ आगे बढ़े उन्होंने ही खरीदार ढूंढ़ बेच दिया।
न्याय की उम्मीद में विधायक के दर पर फूट-फूटकर रोई
कैथल से विधायक लीलाराम के दर पर न्याय की आस में पहुंची महिला ने अपने साथ हुए अन्याय की कहानी सुनाई। महिला के मुताबिक दो साल पहले पति और बेटी के साथ जखौली अड्डे पर जेठानी के घर के लिए निकली थी। रास्ते में पति से उसका विवाद हो गया। पति उसे वहीं छोड़कर बेटी के साथ चला गया। सदमे में वह ट्रेन के आगे कूदकर जान देने के लिए रेलवे स्टेशन की ओर निकली। राह में दो महिलाओं अंगूरी देवी और पूजा ने उसे रोक लिया। वे उसे शक्तिनगर ले गईं। यहां हाबड़ी निवासी दर्शन सिंह को 30 हजार रुपये में उसे बेच दिया। दो साल तक उसे बंधक बनाकर रखा गया। नशीला पदार्थ पिलाकर गलत काम होता रहा। अब वह किसी तरह से उसके चंगुल से निकल सकी है।
पुलिस में नहीं हुई सुनवाई
पीड़िता के परिजनों ने विधायक के निवास पर बताया कि उनकी बेटी के साथ अन्याय हुआ है। बेटी का जिले के एक गांव में विवाह हुआ था। विवाद के कारण बेटी के लापता होने के बाद उसका दामाद और स्वजन काफी तलाश करते रहे, लेकिन नहीं मिली। कोई सुनवाई भी नहीं हुई। बाद में पता चला कि उसकी बेटी को किसी ने बेचा हुआ है। अब बेटी के मिल जाने के बाद भी शिकायत की है पर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही।
खुद ही दूसरी शादी की भरी थी हामी
दूसरी तरफ आरोपित महिला अंगूरी का कहना है कि पीड़ित महिला उसके पास आई थी। खुद ही दूसरी शादी रचाने के लिए राजी हुई। उसने अपने भांजे हाबड़ी निवासी दर्शन सिंह के साथ विवाह रस्म (चुन्नी कार्यक्रम) रचाते हुए शादी करा दी। 30 हजार में बेचने जैसे आरोप पूरी तरह से झूठे हैं। अब आरोप लगाने वाली महिला का पिता ही उनसे डेढ़ लाख रुपये मांग रहा है। इधर, सिविल लाइन थाना एसएचओ बीरभान का कहना है कि कोई शिकायत आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें