घर से भागे प्रेमी युगल में से युवक का शव हिमाचल प्रदेश के बद्दी में मिला
घर से फरार हुआ प्रेमी जोड़ा हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी में पहुंचा, जहां दो दिन बाद युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
जेएनएन, कैथल। घर से फरार हुआ प्रेमी जोड़ा हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी में पहुंचा, जहां दो दिन बाद युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। शव की शिनाख्त कर उन्होंने लड़की पक्ष के लोगों पर युवक की हत्या का आरोप लगाया है। एसपी आस्था मोदी को शिकायत देकर जांच की मांग की है। एसपी ने कहा कि बद्दी थाना पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का सही पता चल पाएगा।
पाडला रोड पट्टी कोथ निवासी खेमचंद ने आरोप लगाया कि कालोनी की एक लड़की उसके घर आई और कहने लगी वह उसके बेटे साहिल (21) से शादी करना चाहती है। वह उक्त युवती को उसके घर लेकर गया और उसके परिजनों को समझाया।
कुछ दिन बार लड़की के परिजनों ने उसकी शादी कर दी, लेकिन वह ससुराल से वापस मायके में आई और साहिल को लेकर फरार हो गई। इसके बाद लड़की के परिजन उसके घर आए। आरोपितों ने उनके साथ मारपीट करते हुए तोडफ़ोड़ की। जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। इस बारे में 18 अगस्त को एसपी कार्यालय में आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर एसपी को शिकायत दी गई।
साहिल की मां शशिबाला ने कहा कि लड़की रजनी का जीजा सोनू हर रोज घर पर आकर उनकी बेटी को उठाने की धमकी देता था। वह कहता था कि साहिल को तो जान से मारेंगे ही, लड़की को भी नहीं छोड़ेंगे। छोटे बेटे आर्यन (15) को स्कूल से लौटते हुए ऑटो से उतारकर पीटा। शिकायत लेकर जब वे पुलिस थाने जाते थे तो उन्हें ही धमकाया जाता था। शिकायत तक दर्ज नहीं की गई।
20 अगस्त को मिली लड़के की मौत की सूचना
परिजनों ने बताया कि 20 अगस्त को सिटी थाना पुलिस से उनके पास फोन आया कि साहिल ने हिमाचल प्रदेश के बद्दी शहर में आत्महत्या कर ली है। इसके बाद वे घटना स्थल पर पहुंचे। उक्त लड़की भी वहां बैठी थी। लड़की रजनी, उसकी बहन सीमा, जीजा सोनू, मां सुनीता व रोशन के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।