कैथल के युवक की यमुनानगर में पीट-पीट कर हत्या, स्वजन बोले आरोपितों पर हो कार्रवाई
जिले के सारण गांव के एक युवक की यमुनानगर के दामला गांव में पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। गांव के सरपंच विरेंद्र सिंह ने बताया कि 26 वर्षीय संदीप उनके परिवार में से है।
जागरण संवाददाता, कैथल : जिले के सारण गांव के एक युवक की यमुनानगर के दामला गांव में पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। गांव के सरपंच विरेंद्र सिंह ने बताया कि 26 वर्षीय संदीप उनके परिवार में से है। वह गांव के कुछ दोस्तों के साथ सोमवार को कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गया था। वहां से उसके दोस्त आगे निकल गए और वह वापस आ गया। उसके दोस्तों ने संदीप से बात की तो उसने बताया था कि वह यमुनानगर में है। बाद में वहां चोरी के आरोप में उसे पीट-पीट कर मार डालने की सूचना उन्हें मिली थी। वे शनिवार को शव लाने के लिए यमुनानगर जाएंगे। संदीप के पिता रामसिंह की कई साल पहले मौत हो चुकी है। वह बड़े भाई जगरूप के साथ रहता था और खेती बाड़ी का काम करता था। सरपंच ने बताया कि संदीप अच्छा लड़का था और कभी भी गलत कार्यों में शामिल नहीं रहा। चोरी का शक होने पर आरोपितों ने उसे पीट-पीट कर मार डाला, जो गलत है। उनकी मांग है कि पुलिस आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे।
यह था मामला
दामला गांव में प्लाईवुड फैक्टरी के क्वार्टरों में चोरी के शक में पीट कर संदीप की हत्या की गई थी। दामला में बलवंत सैनी ने क्वार्टर बना रखे हैं। इनमें आसपास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले श्रमिक रहते हैं। ये क्वार्टर भी सड़क किनारे बने हुए हैं। बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे श्रमिक सुधीर के क्वार्टर में एक युवक घुस गया था। तभी सुधीर की आंख खुल गई, तो उसने शोर मचाया। तोश्रमिक एकत्र हो गए और उसे चोरी के शक में पीटने लगे। श्रमिकों ने रस्सी से बांध दिया और उसे पीटा गया। आरोपितों ने संदीप का वीडियो भी वायरल किया था। पुलिस पहुंची, तो उसे छुड़ाया और अस्पताल लेकर गए। जहां उसकी मौत हो गई थी।