विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैथल में दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौत, पुलिस ने जांच शुरू की

Published: Sat, 24 Oct 2026 04:40 PM (GMT+05:30)

कैथल जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों, हर्ष (20) और बिट्टू (36) की मौत हो गई। दोनों ...और पढ़ें

कैथल में दो युवकों की मौत। सांकेतिक फोटो

कैथल में दो युवकों की मौत। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. कैथल में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत।

  2. ढांड क्षेत्र में हर्ष की गाड़ी की टक्कर से हुई मौत।

  3. चीका रोड पर ट्रक की टक्कर से बिट्टू ने गंवाई जान।

जागरण संवाददाता, कैथल। जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। पहला हादसा ढांड क्षेत्र में हुआ, जहां गाड़ी की टक्कर से गांव बंदाराना निवासी हर्ष (20) की जान चली गई। वहीं कैथल में चीका रोड पर ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्राली में सवार बिट्टू (36) की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

ढांड क्षेत्र में हादसा शुक्रवार रात करीब 11 बजे हुआ। गांव बंदाराना निवासी हर्ष मोटरसाइकिल पर गांव पबनावा से ढांड की तरफ जा रहा था। रास्ते में किसी गाड़ी चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। राहगीरों की सूचना पर ढांड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों की सहायता से घायल हर्ष को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हर्ष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता सुखबीर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी करते हैं और उनका बेटा भी उनके साथ मजदूरी का काम करता था। हर्ष परिवार का इकलौता सहारा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ढांड थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस को रात करीब 11 बजे हादसे की सूचना मिली थी। फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

ट्रक की टक्कर से बिट्टू की मौत

दूसरा हादसा कैथल में चीका रोड पर अर्जुन नगर गली नंबर पांच के सामने रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ। सड़क पर लाइट नहीं होने के कारण अंधेरा था, जो हादसे का कारण बना। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतपाल मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर घर भेजा। मृतक बिट्टू के पिता रुलदू राम ने बताया कि उनका बेटा शाम को ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर जा रहा था।

इसी दौरान ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बिट्टू को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ट्राली में सवार उसके अन्य साथियों को भी चोटें आई हैं। बिट्टू दिहाड़ी मजदूरी करता था।

उसके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। उसके माता-पिता भी उसके साथ रहते हैं। शहर थाना के जांच अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने ट्रक और ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। आरोपित चालक फरार है। मृतक के भाई की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।