विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैथल में स्टेडियम से हरे-भरे पेड़ काटने के मामले में कार्रवाई, धनौरी सरपंच को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Published: Thu, 17 Sep 2026 11:45 PM (IST)

कैथल के गांव धनौरी में खेल स्टेडियम से बिना अनुमति हरे-भरे पेड़ काटने के आरोप में मौजूदा सरपंच कपिल को गिरफ्तार किया गया है।

स्टेडियम से हरे-भरे पेड़ काटने के आरोप में गांव धनौरी का सरपंच गिरफ्तार।

स्टेडियम से हरे-भरे पेड़ काटने के आरोप में गांव धनौरी का सरपंच गिरफ्तार।

HighLights

  1. धनौरी खेल स्टेडियम से अवैध रूप से पेड़ काटे गए

  2. मौजूदा सरपंच कपिल को इस मामले में गिरफ्तार किया गया

  3. लगभग 80 हरे-भरे शीशम, कीकर, सफेदे के पेड़ काटे गए

जागरण संवाददाता, कैथल। गांव धनौरी के खेल स्टेडियम से बिना किसी विभाग से अनुमति लिए हरे-भरे छायादार पेड़ काटे गए थे। इस मामले की जांच संगतपुरा चौकी प्रभारी एसआई बलराज की टीम ने की।

टीम ने वीरवार को गांव धनौरी के मौजूदा सरपंच कपिल को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। गांव धनौरी निवासी प्रेम सिंह की शिकायत पर गांव के मौजूदा सरपंच कपिल सहित तीन लोगों के विरुद्ध सदर थाना में केस दर्ज किया गया था।

करीब 80 बड़े पेड़ शीशम, कीकर और सफेदे के काटे गए थे। शिकायत में बताया कि गांव धनौरी में दाता सिंह वाला रोड स्थित जलघर के पास बने खेल स्टेडियम में हरे-भरे पेड़ खड़े थे। आरोप है कि गांव के सरपंच कपिल ने अन्य साथियों के साथ मिलकर बिना विभागीय अनुमति के इन पेड़ों को कटवा दिया।

एक ठेकेदार और उसके साथियों ने तीन से पांच मई के बीच पेड़ों की कटाई की। पेड़ों को वाहन के माध्यम से मौके से ले जाने का भी आरोप लगाया गया है। इस मामले की शिकायत उपायुक्त कैथल को 21 मई को दी थी। इसके बाद शिकायत बीडीपीओ कार्यालय पहुंची। यहां उसने पेड़ काटने और उन्हें ले जाने से संबंधित वीडियो अधिकारियों को सौंपे।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि उस पर सरपंच के साथ समझौता करने का दबाव बनाया गया, लेकिन उसने कार्रवाई की मांग की। पंचायत की तरफ से एक प्रस्ताव पारित कर पेड़ों को अज्ञात व्यक्ति की तरफ से काटे जाने की बात कही गई थी।

कुछ लकड़ी गोशाला में रखे जाने का जिक्र किया गया। बीडीपीओ कार्यालय ने सदर थाना में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध केस दर्ज करने की सिफारिश की थी। इस मामले को लेकर सदर थाना में केस दर्ज किया गया था।