हरियाणा: म्हारी सड़क एप से कैथल की सड़कें होंगी चकाचक, डेढ़ करोड़ से होगा मरम्मत कार्य
कैथल में म्हारी सड़क एप योजना के तहत जल्द ही सड़कों और गड्ढों की मरम्मत की जाएगी, जिसके लिए डेढ़ ...और पढ़ें

हरियाणा: म्हारी सड़क एप से कैथल की सड़कें होंगी चकाचक (File Photo)
HighLights
कैथल में म्हारी सड़क एप से सड़कों की मरम्मत होगी
डेढ़ करोड़ रुपये के बजट से होगा सड़कों का सुधार
नागरिक एप के माध्यम से कर सकते हैं शिकायतें दर्ज
सुनील जांगड़ा, कैथल। नगर परिषद की तरफ से जल्द ही शहर की टूटी सड़कों और गड्ढों की रिपेयर करवाई जाएगी। म्हारी सड़क एप योजना के तहत करीब डेढ़ करोड़ रुपये का बजट मंजूर हुआ था।
नप की तकनीकी शाखा की तरफ से टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। टेंडर लेने वाली संबंधित एजेंसियों को वर्क ऑर्डर जारी किया जा चुका है।
शहर के 31 वार्डों को तीन भागों में बांटा गया है। एक से दस वार्ड, 11 से 20 वार्ड और 21 से 31 वार्डों में अलग-अलग 50-50 लाख रुपये के टेंडर लगाए गए थे।
इस राशि से टूटी सड़कों की रिपेयर, गलियों की रिपेयर और गड्ढों को ठीक किया जाएगा। शहर के बाजार सहित कई वार्डों में टूटी हुई सड़कों की समस्या है।
शहर के लोग भी इस एप के माध्यम से टूटी सड़कों की शिकायत कर सकते हैं। एप पर प्रतिदिन पांच से सात शिकायतें आती हैं। शहर में नप के अधीन करीब 550 किलोमीटर सड़क है।
रेलवे गेट, चंदाना गेट, भगत सिंह चौक, कमेटी चौक सहित अन्य स्थानों पर टूटी सड़कों की समस्या है। एप पर सड़कों से गड्ढे खत्म करने को लेकर दो प्रकार से शिकायत की जाती है। पहला मेजर, जिसमें सड़क को नए तरीके से ही बनाया जाता है और इसके लिए करीब छह महीने तक का समय दिया हुआ है।
दूसरा माइनर जिसमें सड़कों के छोटे या बड़े गड्ढों की समस्या होती है और इसका समाधान दस दिन में ही करना होता है। बता दें कि अभी लोगों में इस एप के प्रति जागरूकता की कमी है। इस एप को निदेशालय स्तर के अधिकारी देख रहे हैं और तय समय सीमा में समस्या का समाधान ना होने पर संबंधित कर्मचारी पर कार्रवाई भी हो सकती है।
फोन में डाउनलोड कर सकते हैं एप
फोन में म्हारी सड़क एप को डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले प्ले स्टोर पर म्हारी सड़क लिखें। इसके बाद एप को डाउनलोड कर लें। अपना फोन नंबर रजिस्टर कर लें और इसके लिए एक ओटीपी भी आएगा। इसके बाद आप सड़क के गड्ढे की फोटो और लाेकेशन अपलोड कर सकते हैं।
अपलोड करने के बाद संबंधित समस्या नगर परिषद के जेई के पास एप में चली जाएगी। तय समय में कर्मचारियों को समाधान करना होगा।
म्हारी सड़क एप योजना के तहत शहर के 31 वार्डों में सड़कों की रिपेयर कार्यों पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। शहर के वार्डों को तीन भागों में बांटा गया है। शहर के लोग भी एप के माध्यम से शिकायत कर सकते हैं। -वरुण शर्मा, पालिका अभियंता नगर परिषद।
