हरियाणा: कलायत में दूध-पनीर फैक्ट्री पर छापा, आठ क्विंटल पनीर जब्त; गलत निर्माण तिथि से हुआ खुलासा
त्योहारों के मद्देनजर कैथल में खाद्य सुरक्षा विभाग और सीआईए कलायत ने एक दूध-पनीर फैक्ट्री पर छापा मारा।
-1792491864701_m.webp)
हरियाणा: कलायत में दूध-पनीर फैक्ट्री पर छापा (फाइल फोटो)
HighLights
कलायत में दूध-पनीर फैक्ट्री पर संयुक्त छापेमारी।
आठ क्विंटल पनीर, पांच हजार लीटर स्किम्ड मिल्क जब्त।
पनीर पैकेटों पर गलत निर्माण तिथि मिली अंकित।
जागरण संवाददाता, कैथल। त्योहारों के सीजन में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से कैथल पुलिस की तरफ से संबंधित विभागों के साथ मिलकर कार्रवाई की जा रही है।
सीआइए कलायत पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कलायत अनाज मंडी के पीछे स्थित एक दूध-पनीर फैक्ट्री पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान मौके से करीब आठ क्विंटल पनीर और पांच हजार लीटर स्किम्ड मिल्क मिला। पनीर के पैकेटों पर निर्माण तिथि को लेकर भी अनियमितता सामने आई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दूध व पनीर के तीन सैंपल लेकर जांच के लिए प्रक्रिया शुरू की है।
सीआइए कलायत प्रभारी एएसआइ मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि कलायत अनाज मंडी के पीछे स्थित एक दूध-पनीर फैक्ट्री में मिलावटी पनीर तैयार किया जा रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए सीआइए कलायत पुलिस ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक शर्मा की टीम के साथ संयुक्त रूप से फैक्ट्री में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके पर करीब आठ क्विंटल पनीर मिला।
इसमें लगभग पांच क्विंटल पनीर पैकेटों में पैक किया हुआ था, जबकि करीब तीन क्विंटल पनीर खुला मिला। इसके अतिरिक्त फैक्ट्री में लगभग पांच हजार लीटर स्किम्ड मिल्क भी मौजूद था।
जांच के दौरान पैक किए गए पनीर के पैकेटों पर निर्माण तिथि 20 अक्टूबर अंकित मिली, जबकि पुलिस के अनुसार फैक्ट्री में कार्रवाई 19 अक्टूबर को की गई थी।
इस प्रकार पैकेटों पर निर्माण तिथि कार्रवाई के दिन से एक दिन आगे की लिखी हुई पाई गई। मौके पर पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दूध व पनीर के कुल तीन सैंपल लिए हैं। इनकी जांच के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और नियमानुसार कार्रवाई के संबंध में आगामी कार्रवाई की जाएगी।
