कैथल मंडियों में धान के भावों ने तोड़े रिकॉर्ड, मुच्छल 4900 और 1718 किस्म 4850 प्रति क्विंटल पार; किसानों के चेहरे खिले
कैथल की अनाज मंडियों में बारीक धान की आवक तेज हुई है और कीमतों में भी पिछले साल के मुकाबले 1000-1500 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मंडियों में बारीकी धान की आवक तेज, 1718 किस्म 4850 तो मुच्छल धान 4900 रुपये प्रति क्विंटल मिले भाव।
HighLights
कैथल मंडियों में बारीक धान की आवक में भारी तेजी
मुच्छल धान 4900, 1718 किस्म 4850 रुपये प्रति क्विंटल
पिछले साल से 1000-1500 रुपये प्रति क्विंटल अधिक भाव
जागरण संवाददाता, कैथल। जिलेभर की अनाज मंडियों में अब बारीक धान की आवक तेज हो गई है। इन किस्मों के भाव में भी पिछले साल की अपेक्षा इस बार 1000 से 1500 रुपये तक ज्यादा मिल रहे हैं। मंगलवार को पीआर-14 किस्म का धान 2750 रुपये प्रति क्विंटल बिका, वहीं हाईब्रिड के भाव 2320 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं, हालांकि एमएसपी से अब भी कम मिल रहे हैं, लेकिन पिछले सप्ताह की अपेक्षा इस बार 100 से 150 रुपये तक दाम बढ़ने से किसानों के चेहरे पर रौनक नजर आ रही है।
सरकार की तरफ से एमएसपी 2461 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया हुआ है, लेकिन हाइब्रिड किस्म का धान अब भी एमएसपी पर नहीं बिक रहा है, लेकिन पीआर-14 के भाव एमएसपी से 300 से 400 रुपये प्रति क्विंटल ज्यादा मिल रहे हैं। पीआर-14 धान लेकर आए किसान इंद्र ने बताया कि 2700 रुपये प्रति क्विंटल से ज्यादा धान बिका है।
मुच्छल के भाव पहुंचे 4900 रुपये तो 1718 बिक रहा 4850 रुपये प्रति क्विंटल
अतिरिक्त अनाज मंडी में मंगलवार को मुच्छल के भाव 4900 रुपये प्रति क्विंटल मिले, जबकि दो दिन पहले भाव 4800 रुपये प्रति क्विंटल थे, इसमें 100 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी आई है। जबकि पिछले साल से 1400 से 1500 रुपये प्रति क्विंटल ज्यादा मिल रहे हैं, पिछले साल 3300 से 3400 रुपये प्रति क्विंटल भाव मिले थे। इसी तरह से 1718 किस्म के भाव में भी पिछले साल की अपेक्षा 1000 से 12000 रुपये की तेजी है।
इस बार भाव 4700 से 4800 रुपये प्रति क्विंटल मिले थे, जबकि पिछले साल 3700 से 3800 रुपये भाव मिले थे। बारीक धान की खेती करने वाले किसान रामकुमार, मुकेश ने बताया कि इस बार मंडियों में हर किस्म के भाव में तेजी है। 1509 के दाम पहली बार 4500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचे, वहीं मुच्छल, 1718 के भाव भी 4800 से 4900 रुपये प्रति क्विंटल तक मिल रहे हैं।
उठान में पहले से आई तेजी: मलिक
अतिरिक्त अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान रघुबीर मलिक ने बताया कि पिछले साल की अपेक्षा इस बार बारीक धान के भाव में तेजी आई है। इससे किसानों को काफी फायदा हुआ है। अब पीआर किस्म के धान के भाव भी पहले से तेजी हैं। मंडी में अब उठान ठीक है। मंडी में अंदर वाहन आने के लिए रास्ते बन गए हैं।
मंडियों का निरीक्षण कर रहे सुपरवाइजर: सचिव
मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र ढुल ने बताया कि शहर की तीनों अनाज मंडियों के साथ-साथ खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। सभी में सुपरवाइजर लगाए गए हैं। गेट पास सेंटरों से रिपोर्ट ली जा रही है। किसान, आढ़ती व मजदूरों के लिए हर तरह की व्यवस्था मंडी में की गई है। किसानों से अपील है कि धान को सुखाकर लाएं, ताकि अच्छे भाव मिल सके।
