यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 10, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कैथल में फर्जी आधार कार्ड बनाकर बना गया जमीन का नकली मालिक, लगाया 80 लाख का चूना; एक आरोपी गिरफ्तार
कैथल में जमीन बेचने के नाम पर 80 लाख रुपये की ठगी के मामले में आर्थिक अपराध शाखा ने एक ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, कैथल। जमीन बेचने के नाम पर 80 लाख रुपये की ठगी के मामले में आर्थिक अपराध शाखा टीम ने एक आरोपित को काबू करके पांच दिन के रिमांड पर लिया है।
एसपी आस्था मोदी के आदेशानुसार मामले की शाखा प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश की अगुवाई में एएसआइ महेंद्र सिंह व एएसआइ रामपाल सिंह की टीम ने की। टीम ने आरोपित समाना पंजाब निवासी सिमरनजीत को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित सिमरनजीत ने डीलर कर्मजीत, जोगिंद्र व अन्य के साथ मिलकर यह षड्यंत्र रचा था। आरोपित सिमरनजीत जमीन मालिक कमलजीत बना था और कमलजीत के नाम से ही फर्जी आधार कार्ड बनवाया हुआ था।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव डयोढखेड़ी निवासी शीशपाल व जोगिंद्र की शिकायत के अनुसार वह दोनों भूमि खरीदना चाहते थे। वे डीलर का काम करने वाले खेड़ी निगरा पटियाला पंजाब निवासी कर्मजीत, समाना पंजाब निवासी जोगिंद्र सिंह व अंग्रेज सिंह उनसे मिले व कई गांव में जमीन दिखाई। उन्हें गांव शादीपुर तहसील गुहला में 50 कनाल 15 मरले भूमि दिखाई, जो भूमि उन्हें पसंद आ गई।
डीलरों ने उन्हें जमीन के मालिक कहकर गांव पलौंदिया जिला पटियाला पंजाब निवासी अमरजीत सिंह व कमलजीत सिंह से मिलवाया। उन्हें कहा कि यह जमीन इनकी है। 37 लाख 75 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से उनका सौदा तय हो गया। 12 मार्च को 60 लाख रुपये बयाना देकर इकरारनामा करवा दिया गया। 21 अप्रैल को उन्होंने 20 लाख रुपये और दे दिए और रजिस्ट्री की तारीख 22 मई तय हुई।
22 मई को वह रजिस्ट्री करवाने के लिए तहसील गुहला गए लेकिन आरोपित वहां नहीं पहुंचे। गांव शादीपुर पहुंचकर पता किया तो उन्हें जानकारी मिली कि आरोपित ने षड्यंत्र रचकर यह धोखाधड़ी की है। उनसे अमरजीत, कमलजीत कहकर मिलवाए गए व्यक्ति भी असल में इस नाम के व्यक्ति नहीं है। इस धोखाधड़ी बारे गुहला थाना में केस दर्ज किया गया।
