सभी दस लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी जजपा : नैना चौटाला
डबवाली से विधायक नैना चौटाला ने कहा कि जन नायक जनता पार्टी लोकसभा चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है। सभी दस लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ा जाएगा और चुनाव में जीत दर्ज की जाएगी।
जागरण संवाददाता, कैथल : डबवाली से विधायक नैना चौटाला ने कहा कि जन नायक जनता पार्टी लोकसभा चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है। सभी दस लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ा जाएगा और चुनाव में जीत दर्ज की जाएगी। वे कुरुक्षेत्र रोड स्थित जजपा नेता रोशन लाल ढांडा के निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। उन्होंने कहा कि टिकट देने के लिए एक कमेटी बनाई हुई है। सबकी सहमति से योग्य उम्मीदवार को टिकट दी जाएगी। फिलहाल किसी पार्टी से गठबंधन को लेकर कोई सूचना उनके पास नहीं है। गठित की गई कमेटी ही गठबंधन का फैसला लेगी। नैना ने कहा कि महिलाओं को शिक्षा और सुरक्षा देना उनका पहला काम होगा। महिलाओं को जागरूक करने के लिए हरी चुनरी चौपाल कार्यक्रम किए जा रहे हैं। सभी 90 विधानसभाओं में यह कार्यक्रम आयोजित होंगे और वे अब तक 31 विधानसभाओं में यह कार्यक्रम कर चुकी हैं। 13 मार्च को गांव नौच में भी हरी चुनरी चौपाल कार्यक्रम किया जा रहा है। महिलाएं आज भी अपने आप को दबा हुआ महसूस करती हैं। उन्हें समाज में बराबरी का अधिकारी पूरी तरह से नहीं मिला है। उनका यह भी प्रयास रहेगा कि उनकी पार्टी में महिलाओं को टिकट दी जाए। महिलाओं को जागरूक होने के साथ साथ शिक्षित होना भी बहुत जरूरी है। इस मौके पर महिला प्रदेशाध्यक्ष शीला भ्यान, युवा जिलाध्यक्ष बलराज नौच, बलवान, सचिन, अशोक मौजूद थे।