मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाने से पहले ही हिरासत में लिए इनसो कार्यकर्ता
जागरण संवाददाता, कैथल : मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने से पहले ही इनसो कार्यकर्ताओं को सि
जागरण संवाददाता, कैथल : मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने से पहले ही इनसो कार्यकर्ताओं को सिविल लाइन थाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया। काफी संख्या में युवा कार्यकर्ता हनुमान वाटिका में एकत्र हुए थे। इससे पहले की कोई रणनीति तैयार कर कार्यकर्ता समारोह स्थल तक पहुंच पाते सिविल लाइन थाना पुलिस दर्जनों पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देख ज्यादातर युवा कार्यकर्ता मौके से भाग खड़े हुए। युवाओं की अगुवाई कर रहे इनेलो नेता राजू ढुल पाई, रोबिन ढांडा, सुनील नरड़, जसवंत कोयल, दीपा सांघन, राजेश बढ़सीकरी, नरेंद्र कैथल, सतीश, अभिषेक को भी हिरासत में लिया। कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री के जाने के बाद ही हिरासत से छोड़ा गया। पुलिस को पहले ही इनसो के काले झंडे दिखाने की सूचना मिल गई थी। जिसके बाद पुलिस युवा कार्यकर्ताओं की हर गतिविधि पर नजर रखे हुई थी। जैसे ही इनसो कार्यकर्ता वाटिका में जुटना शुरु हुए तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। राजू ढुल पाई ने कहा कि महिलाओं पर बढ़ रहे अत्याचार के विरोध में युवा कार्यकर्ता एकत्र हुए थे। प्रदेश में आए दिन बलात्कार और दुष्कर्म जैसी घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। जिसको लेकर प्रदेश का युवा भाजपा सरकार से खफा है। पुलिस भी सरकार के साथ मिलकर युवाओं की आवाज को दबाने का काम कर रही है।
बॉक्स
गुहला में रोक दिए गए कार्यकर्ता
काफी संख्या में इनसो के कार्यकर्ता विरोध के लिए जब गुहला से रवाना होने लगे तो पुलिस ने उनको वहीं रोक दिया और कैथल समारोह स्थल तक नहीं पहुंचने दिया गया।
वर्जन
इनसो कार्यकर्ता विरोध करने के लिए हनुमान वाटिका में एकत्र हुए हैं इसकी सूचना पहले ही मिल गई थी। युवाओं को रैली स्थल के लिए रवाना होने से पहले ही हिरासत में ले लिया गया था। जिनको समारोह समापन के बाद छोड़ दिया गया।
- जसवंत ¨सह, एसएचओ, सिविल लाइन।