दो अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन ने चलाई जेसीबी , निर्माण ढहाया
शहर से बाहर करनाल रोड पर काटी जा रही दो अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन का पीला पंजा चला। आठ एकड़ में काटी जा रही कॉलोनी में दो कमरे और मिट्टी से बने कच्चे रास्तों को गिराया गया। वहीं दो एकड़ में काटी जा रही कॉलोनी में भी निर्माण गिराया गया।
जागरण संवाददाता, कैथल : शहर से बाहर करनाल रोड पर काटी जा रही दो अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन का पीला पंजा चला। आठ एकड़ में काटी जा रही कॉलोनी में दो कमरे और मिट्टी से बने कच्चे रास्तों को गिराया गया। वहीं दो एकड़ में काटी जा रही कॉलोनी में भी निर्माण गिराया गया। पिछले करीब छह महीेने से इन कॉलोनियों में निर्माण कार्य चल रहा था।
इससे पूर्व जनवरी महीने में भी कॉलोनी मालिकों को नोटिस दिया गया था, लेकिन उसके बावजूद निर्माण जारी रहा। बृहस्पतिवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार छोटू राम व जिला नगरकार अनिल नरवाल की देखरेख में निर्माण ढहाया गया। वहीं सिविल लाइन एसएचओ प्रह्लाद राय भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
हालांकि पुलिस बल की कमी के चलते और कॉलोनी काट रहे मालिकों के विरोध के बाद तनाव बढ़ता देख निर्माण ढहाने की प्रक्रिया बीच में ही छोड़नी पड़ी, लेकिन अधिकारियों का कहना है जल्द ही निर्माण नहीं रोका गया तो दोबारा से कार्रवाई की जाएगी।
नोटिस के साथ एफआइआर
भी करवाई जाएगी दर्ज
जिला नगरकार अनिल नरवाल ने कहा कि अब एक और नोटिस दोनों कॉलोनी काटने वालों को दिया जाएगा। नोटिस देकर निर्माण कार्य रोकने के साथ ही भूमि को समतल करने के आदेश भी दिए जाएंगे। इसके अलावा दोनों पर ही एफआइआर भी दर्ज करवाई जाएगी।
बेचे जा रहे थे प्लॉट
कॉलोनियों में प्लॉट काटने के साथ ही इनको फुल पेमेंट में बेचने का सिलसिला भी शुरू हो चुका था। अधिकारियों का कहना है कि अवैध रूप से काटी जा रही इन कॉलोनियों में सिर्फ कॉलोनी काटने वाले ही नहीं प्लॉट काटने वाले भी जुर्म कर रहे हैं। पूर्व में भी विभाग ने प्लॉट खरीदने वालों पर कार्रवाई की है और अब भी की जा सकती है। उनकी अपील है कि ऐसे किसी भी जगह पर प्लॉट न खरीदें जो विभाग से अप्रूव नहीं है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप