75 सफाई कर्मियों को किया बहाल
नगर परिषद अधिकारियों के लिखित में समझौता करने के बाद 85 में से 75 सफाई कर्मचारियों ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। नगर परिषद सचिव नरेंद्र शर्मा ने सुबह एजेंसी के ठेकेदार व कर्मचारियों को बुलाया था। नौ कर्मचारी काम के लिए नहीं पहुंचे और एक कर्मचारी ने काम करने से मना कर दिया। अब शहर से नियमित रूप से डोर टू डोर कचरे का उठान शुरू हो सकेगा।
जागरण संवाददाता, कैथल : नगर परिषद अधिकारियों के लिखित में समझौता करने के बाद 85 में से 75 सफाई कर्मचारियों ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। नगर परिषद सचिव नरेंद्र शर्मा ने सुबह एजेंसी के ठेकेदार व कर्मचारियों को बुलाया था। नौ कर्मचारी काम के लिए नहीं पहुंचे और एक कर्मचारी ने काम करने से मना कर दिया। अब शहर से नियमित रूप से डोर टू डोर कचरे का उठान शुरू हो सकेगा।
इससे पहले हटाए गए कर्मचारी धरने पर बैठे थे, जिनके समर्थन में पक्के कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी थी। हड़ताल खत्म कराने के लिए नप अधिकारियों ने कर्मचारियों को नौकरी पर रखने का लिखित आश्वासन दिया था। जब कर्मचारी धरने पर बैठे थे उस दौरान एजेंसी ने करीब 60 नए कर्मचारियों को काम पर रख लिया था। अब उन कर्मचारियों को हटा दिया गया है और पुराने कर्मचारियों को काम पर रख लिया गया है। नगर परिषद की ओर से एजेंसी को छह महीने के लिए 90 लाख रुपये में ठेका दिया हुआ है।
दो टाइम होगी कर्मचारियों की हाजिरी
आकांक्षा इंटरप्राइजिज एजेंसी के ठेकेदार दीपांशु ने बताया कि 75 पुराने कर्मचारियों को काम पर रख लिया गया है। जो कर्मचारी रखे गए हैं उनकी दिन में दो टाइम बायोमैट्रिक तरीके से हाजिरी ली जाएगी। उनके पास अभी सात टीपर हैं और इसके अलावा अब 25 हाथ रेहड़ी घर-घर से कचरा उठाने के लिए शुरू कर दी जाएंगी।
नियमित रूप से होगा डोर टू डोर कचरे का उठान
नगर परिषद के सचिव नरेंद्र शर्मा ने बताया कि हटाए गए कर्मचारियों को नौकरी पर रखने के लिए लिखित आश्वासन दिया गया था। बृहस्पतिवार को 85 में से 75 सफाई कर्मचारियों ने काम संभाल लिया है। अब नियमित रूप से डोर टू डोर कचरे का उठान शुरू हो जाएगा। शहर में साफ-सफाई से संबंधित कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।