अशोक तंवर बोले, सुरजेवाला सीएम बने तो दिल्ली कौन संभालेगा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशाेक तंवर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला को सीएम उम्मीदवार बनाए जाने के सवाल पर कहा कि वह सीएम बन गए तो दिल्ली कौन संभालेगा।
जेएनएन, कैथल। हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने यहां व्यापारियों से मिलने के दौरान उनके एक सवाल पर असमंजस पर पड़ गए। रणदीप सुरजेवाला को अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनाए जाने के सवाल पर उन्हाेंने कहा कि ऐसा किया तो फिर दिल्ली कौन संभालेगा। दरअसल सुरजेवाला कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं और तंवर का इसी ओर इशारा था।
अशोक तंवर यहां नई अनाज मंडी का दौरा करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने किसानों और आढ़तियों का हालचाल जाना। इसी दौरार वह सुरजेवाला को लेकर असमंजस में पड़ गए। एक आढ़ती ने उनसे कहा कि कैथल के विधायक रणदीप सिं सुरजेवाला इतने बड़े नेता हैं। प्रदेशाध्यक्ष होने के नाते आपको उन्हें सीएम पद का उम्मीदवार बनाना चाहिए। इस पर तंवर ने कहा कि सुरजेवाला को अगर सीएम उम्मीदवार बनाएंगे तो दिल्ली कौन संभालेगा। सुरजेवाला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और अखिल भारतीय कांग्रेस मीडिया प्रभारी हैं तो उनकी ज्यादा जरूरत दिल्ली में है।
यह भी पढ़ें: विधानसभा के विशेष सत्र के लिए एजेंडा जारी, कई मुद्दों पर हंगामे के आसार
इस अवसर पर तंवर ने राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर निशाने साधे। उन्होंने कहा कि मनोहर लाल सरकार ने प्रदेश को बहुत पीछे धकेल दिया है। हर वर्ग स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। आढ़तियों को प्रशासन द्वारा बेवजह परेशान किया जा रहा है। तंवर ने मौके पर ही मार्केट सचिव को फोन कर आढ़तियों की समस्याओं के जल्द हल करवाने की बात कही।