'तेरा भी टाइम आ गया...', हरियाणवी कलाकार सुदेश रोहिला को वॉट्सऐप पर मिली जान से मारने की धमकी, दो लाख रुपये मांगे
हरियाणवी कलाकार सुदेश रोहिला को व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी मिली है और उनसे दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है।

हरियाणवी कलाकार सुदेश रोहिला को वॉट्सऐप पर मिली जान से मारने की धमकी (सोशल मीडिया फोटो)
HighLights
हरियाणवी कलाकार सुदेश रोहिला को व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी
धमकी देने वाले ने दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा किया गया
जागरण संवाददाता, कैथल। पट्टी अफगान निवासी हरियाणवी कलाकार सुदेश रोहिला को वाट्सएप पर संदेश भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई है। महिला से दो लाख रुपये भी मांगे गए हैं।
पैसे ना देने पर दो दिन में गोली मारने की बात लिखी गई थी। धमकी देने वाले ने स्वयं को लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ बताया है। महिला कलाकार ने 11 सितंबर को इस मामले की शिकायत पर एसपी कैथल को दी थी और पुलिस सुरक्षा भी मांगी है। अब इस मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीम कर रही है।
टटीरी गीत के बाद सुर्खियों में आई कलाकार
कलाकार सुदेश रोहिला आजा तनै बादशाह सुनाऊं रे टटीरी गीत के बाद भी सुर्खियों में रही थी। करीब 15 दिन पहले ही खीर पाखंड़िया की गीत भी गाया है। एक मार्च 2026 को रिलीज हुए बादशाह के टटीरी गीत के जवाब में सुदेश ने नौ मार्च को बोली ए टटीरी गीत गाया था। सुदेश का क्यूट रोहिल्ला के नाम से यूट्यूब चैनल भी है।
इसके अलावा वे धार्मिक कार्यक्रमों में भी भजन गायक का काम करती हैं। वे कई हरियाणवी गानों में भी कलाकार और गायक का रोल निभा चुकी हैं। हरियाणवी कलाकार कर्मबीर फौजी के साथ भी कई गानों में काम किया है। कलाकार सुदेश को दस सितंबर को वाट्सएप पर रात दस बजकर 48 मिनट पर हेलो का पहला संदेश आता है।
मैसेज में लिखा- टाइम आ गया तेरा भी
इसके बाद लिखा कि टाइम आ लिया तेरा भी दो लाख भेज दे चुपचाप फेर ना कही कि यू के हो गया। जय बलकारी लारेंस बिश्नाेई ग्रुप से अंकित बोल रहा हूं। दो दिन का टाइम है तेरे पास नहीं फेर गोली चलेगी। नंबर ब्लाक करने से पहले सोच लिए। दो दिन का टाइम है आराम से सोच ले। पुलिस के पास जा या किसी ओर के पास जा।
वहीं डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश ने बताया कि महिला कलाकार की तरफ से शिकायत दी गई है। इस मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट टीम को दी गई है। गहनता से जांच की जा रही है।
