राष्ट्रीय हैंडबाल में हरियाणा का रहा दबदबा
पटना में हुई यूथ नेशनल हैंडबाल प्रतियोगिता में हरियाणा के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। लड़के व लड़कियों की टीम ने गोल्ड मेडल हासिल किए हैं। प्रतियोगिता 18 से 21 अक्टूबर तक आयोजित की गई थी।
सुनील जांगड़ा, कैथल : पटना में हुई अंडर-20 यूथ नेशनल हैंडबाल प्रतियोगिता में हरियाणा के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। लड़के व लड़कियों की टीम ने गोल्ड मेडल हासिल किए हैं। प्रतियोगिता 18 से 21 अक्टूबर तक आयोजित की गई थी।
फाइनल मुकाबले में लड़कों की टीम ने झारखंड को 26-15 के अंतर से हराया। लड़कियों की टीम ने बिहार की टीम को 16-14 के अंतर से हराया। यह प्रतियोगिता लम्हे कुमार एकेडमी व बिहार हैंडबाल संस्था की ओर से करवाई गई थी। दोनों टीमों में छह खिलाड़ी कैथल के थे। लड़कों में शुभम, वकील व गुरमीत शामिल रहे। लड़कियों में आरती, सीनू व सविता शामिल रही।
प्रतियोगिता से पहले अंबाला रोड स्थित इंडोर स्टेडियम में हैंडबाल कोच प्रशांत व डॉ. राजेश के पास दोनों टीमों ने प्रशिक्षण लिया था। प्रतियोगिता में देशभर से करीब 20 टीमों ने भाग लिया था। कोच प्रशांत ने बताया कि कैथल में दस से 16 अक्टूबर तक प्रशिक्षण कैंप लगा था। खिलाड़ियों ने बेहतर अभ्यास किया, जिस कारण यह उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने बताया कि हरियाणा हैंडबाल एसोसिएशन के सचिव डॉ. जगमहेंद्र सिंह विजेता टीम को बधाई दी है।
इन जिलों के खिलाड़ियों
ने लिया था भाग
कोच प्रशांत ने बताया कि लड़कों की टीम में तीन खिलाड़ी कैथल से, तीन जींद से, तीन हिसार से, एक रोहतक से, एक सोनीपत से व एक पंचकूला से शामिल रहा। लड़कियों की टीम में तीन कैथल से, चार हिसार से, दो जींद से, दो भिवानी से व एक रोहतक से शामिल रही।