विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

618 करोड़ रुपये बकाया... हरियाणा PWD ठेकेदारों का सरकार को अल्टीमेटम, भुगतान न होने पर करेंगे प्रदर्शन

Published: Tue, 11 Aug 2026 03:16 PM (IST)

हरियाणा पीडब्ल्यूडी कांट्रेक्टस एसोसिएशन ने 618 करोड़ रुपये के लंबित भुगतान को लेकर सरकार को अल्टीमेटम दिया है।

हरियाणा PWD ठेकेदारों का सरकार को अल्टीमेटम (Jagran Photo)

हरियाणा PWD ठेकेदारों का सरकार को अल्टीमेटम (Jagran Photo)

HighLights

  1. पीडब्ल्यूडी ठेकेदारों के 618 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित

  2. भुगतान में देरी से ठेकेदारों पर बढ़ रहा आर्थिक दबाव

  3. एसोसिएशन ने भुगतान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी

जागरण संवाददाता, कैथल। हरियाणा पीडब्ल्यूडी कांट्रेक्टस एसोसिएशन की बैठक हुई। बैठक में प्रदेशभर के पीडब्ल्यूडी ठेकेदारों के लंबित भुगतान सहित विभिन्न समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा की गई।

बैठक में 618 करोड़ रुपये के बकाया भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन के चेयरमैन अशोक जैन, प्रधान भगवान और वाइस प्रेसिडेंट मनोज चहल ने कहा कि ठेकेदार विभाग द्वारा सौंपे गए निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कर रहे हैं। जब ठेकेदार अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए समय पर काम पूरा कर सकते हैं तो उनके काम का भुगतान भी निर्धारित समय के अनुसार क्यों नहीं किया जा रहा।

अशोक जैन ने कहा कि 618 करोड़ रुपये का बकाया यदि आज मिल जाता है तो ठीक है, वरना ठेकेदार विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि ठेकेदार अपनी पूंजी लगाकर सड़कों, भवनों और अन्य सरकारी विकास कार्यों को पूरा करते हैं। काम पूरा होने के बाद भुगतान में लगातार देरी होने से ठेकेदारों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।

बैंक ब्याज, कर्मचारियों की तनख्वाह, मजदूरों का भुगतान, मशीनरी और अन्य खर्च भी उन्हें अपनी जेब से वहन करने पड़ रहे हैं। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि यदि 618 करोड़ रुपये के लंबित भुगतान को लेकर तत्काल ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो ठेकेदार आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे।

पदाधिकारियों ने कहा कि ठेकेदार सरकार के साथ टकराव नहीं चाहते, लेकिन लगातार भुगतान लंबित रहने की स्थिति में उनके सामने विरोध प्रदर्शन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा।