करनाल से ही लडूंगा चुनाव : सीएम मनोहर लाल
अश्विनी शर्मा करनाल सीएम ने उन तमाम कयासों पर विराम लगा दिया रहा है जिनमें कहा जाता र
अश्विनी शर्मा, करनाल
सीएम ने उन तमाम कयासों पर विराम लगा दिया रहा है, जिनमें कहा जाता रहा है कि वह करनाल की बजाय पंचकूला या गुरुग्राम विधानसभा से चुनाव लड़ सकते हैं। रविवार को खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल की जनता के सामने कहा कि उन्हें लगातार दो बार चुनाव में जीत दिलाई है। उन्हें उम्मीद है कि तीसरी बार भी यहां के लोग उन्हें आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
वह रविवार को सेक्टर नौ स्थित पंजाबी बिरादरी भवन के उद्घाटन समारोह में पहुंचे। समारोह में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व पंजाबी बिरादरी भवन के सदस्य जगमोहन आनंद ने सीएम के करनाल से चुनाव नहीं लड़ने को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर अपनी राय साझा की।
उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से चर्चा चल रही है कि मुख्यमंत्री गुरुग्राम या पंचकूला से चुनाव लड़ेंगे, लेकिन इन बातों में कोई सच्चाई नहीं है। करनाल की जनता उन्हें कहीं नहीं जाने देगी। लोगों की यह अपेक्षा है कि वह तीसरी बार करनाल से ही विधायक बनें। इसके बाद सीएम मनोहर लाल ने जगमोहन आनंद की बातों पर अपनी मुहर लगा दी।
पहले जापानी भाषा का ज्ञान, फिर शुरू किया काम
मुख्यमंत्री मनोहर लाल जापानी भाषा का ज्ञान ले रहे हैं। वह कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जापानी संस्कृति एवं भाषा के बेसिक सर्टिफिकेट कोर्स के छात्र हैं। शिक्षा के प्रति उनके लगाव का उदाहरण सीएम के करनाल प्रवास के दौरान देखने को मिला। शनिवार की शाम को करनाल के कुछ मौजिज लोग उनसे रविवार सुबह मिलने का समय मांगने गए थे, लेकिन सीएम ने कहा कि सुबह आठ से नौ बजे तक उनकी आनलाइन क्लास है। इस दौरान वह मुलाकात नहीं कर पाएंगे।
जिला विजिलेंस कमेटी को किया जाएगा सक्रिय, लगेगी भ्रष्टाचार पर रोक
मुख्यमंत्री ने कहा कि करनाल में जिला विजिलेंस कमेटी बनाई गई है, जोकि भ्रष्टाचार और इसी प्रकार की शिकायतों का शीघ्र हल करेगी। भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए जिला विजिलेंस कमेटी को और अधिक सक्रिय किया जाएगा। इन्हें मिलने वाली सभी शिकायतों को एक निर्धारित समय में हल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने हरियाणा पत्रकार संघ के अध्यक्ष केबी पंडित की पुस्तक हरियाणा पत्रकार संघ स्मारिका-2021 का विमोचन भी किया।