जीएम का पद खाली होने से डिपो का कार्य प्रभावित
कुछ दिनों से रोडवेज के जीएम का पद खाली पड़ा है। पद खाली होने के कारण डिपो के कार्य व बसों के संचालन प्रभावित हो रहे है। जिलेभर की बस सेवाएं प्रभावित हो रही है। बस स्टैंड पर बूथ खाली दिखाई देते है।
जागरण संवाददाता, कैथल:
कुछ दिनों से रोडवेज के जीएम का पद खाली पड़ा है। पद खाली होने के कारण डिपो के कार्य व बसों के संचालन प्रभावित हो रहे है। जिलेभर की बस सेवाएं प्रभावित हो रही है। बस स्टैंड पर बूथ खाली दिखाई देते है। यात्री बसों के बूथों पर न लगने के कारण इधर उधर भटकते रहते है। इनमें सबसे ज्यादा लोकल व लंबे रूटों की बस सेवाएं प्रभावित हो रही है। यात्रियों को बसों के इंतजार में बस स्टैंड पर कई-कई घंटों खड़ा रहना पड़ता है। रोडवेज बसों की समस्या के कारण यात्री परेशान है।
दैनिक जागरण की टीम ने शनिवार को 11:30 बजे से लेकर 12:30 बजे तक बस स्टैंड के बूथों का दौरा कर बसों की जानकारी हासिल की। इस दौरान बस स्टैंड पर बसों के इंतजार में बस स्टैंड पर खड़े या इधर उधर बैठे दिखाई दिए। इनमें सबसे ज्यादा संख्या दिल्ली व कुरुक्षेत्र, हरिद्वार, पूंडरी जाने वाले रूट पर देखी गई। 11 बजकर 30 मिनट पर दो बसें ही बूथ पर लगी हुई थी। यात्रियों का कहना था कि सुबह तो गांव से शहर तक पहुंचने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है। दोपहर को शहर से गांव पहुंचने में दिक्कत हो रही है। विभाग का इसकी तरफ कोई ध्यान नहीं है। वहीं कागजी कार्य में भी परेशानी हो रही है।
बूथ पर नहीं लगी कोई बस
यात्री दयानंद ने बताया कि कुरुक्षेत्र जाने के लिए वह एक घंटे से बस के इंतजार में बूथ पर खड़ा है। लेकिन बूथ पर कोई बस नहीं लगी है। विभाग को बस संचालन के लिए विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। यात्री का बस स्टैंड पर समय बर्बाद हो रहा है। बस का सही समय पर संचालन होगा तो यात्रियों के समय की बचत होगी।
डिपो की समस्या पर नहीं दिया जा रहा ध्यान
यात्री सावन कुमार ने बताया कि क्योड़क जाने के लिए 40 मिनट से बस स्टैंड पर खड़ा है। लेकिन कोई बस नहीं आई है। लंबे रूटों की बसों को गांव में रोका नहीं जाता है। लोकल रूट की बस बूथ पर नहीं लग रही है। डिपो इस समस्या की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है। बस स्टैंड में हमेशा बस खड़ी रहती है। उनका प्रशासन की ओर से संचालन नहीं किया जा रहा है।
समस्या की ओर दिया जाएगा ध्यान
टीएम कमलजीत ने बताया कि ज्यादा से ज्यादा बसों का संचालन करने प्रयास रहता है। अगर फिर भी कोई समस्या है तो उसकी तरफ ध्यान दिया जाएगा।