चालक व परिचालकों की भर्ती में हो रहा फर्जीवाड़ा : जयप्रकाश
कलायत से आजाद विधायक जयप्रकाश ने भाजपा पर हड़ताल के दौरान की जा रही भर्तियों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सरकार अपने लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए कर्मचारियों की हड़ताल को विफल करना चाहती है। रोडवेज चालक, परिचालक भर्ती में जमकर फर्जीवाड़ा हो रहा है।
संवाद सहयोगी, कलायत : कलायत से आजाद विधायक जयप्रकाश ने भाजपा पर हड़ताल के दौरान की जा रही भर्तियों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सरकार अपने लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए कर्मचारियों की हड़ताल को विफल करना चाहती है। रोडवेज चालक, परिचालक भर्ती में जमकर फर्जीवाड़ा हो रहा है। मेरिट पर रोजगार देने का वादा करने वाले सरकार पिछले दरवाजे से चहेतों को रोजगार दे रही है। भर्ती में मेरिट, आरक्षण योग्यता को दरकिनार कर दिया है। विधायक ने कैथल डिपो में नियुक्त किए गए सभी 65 परिचालक व 27 चालकों का पूरा रिकार्ड सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पक्के कर्मचारियों के संघर्ष को दबाने के लिए सरकार ने रातों रात नौकरियों को नीलाम कर दिया। इसके सबूत उनके पास हैं। जल्द ही भ्रष्टाचार की पूरी तस्वीर जनता के सामने पेश की जाएगी। बता दें कि चार वर्ष से भाजपा के खिलाफ बोलने से बचने वाले आजाद विधायक ने कुछ समय पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता रणदीप सुरजेवाला से दोस्ती की सार्वजनिक कार्यक्रम में घोषणा की थी।