पेराई सत्र को बाधित करने पर किसान नेताओं के खिलाफ केस दर्ज
शुगर मिल में पिराई सत्र को बाधित करने पर मिल के सहायक सुरक्षा अधिकारी धर्मपाल की शिकायत पर भारतीय किसान संघ के पांच पदाधिकारियों सहित अन्य किसानों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, कैथल :
शुगर मिल में पिराई सत्र को बाधित करने पर मिल के सहायक सुरक्षा अधिकारी धर्मपाल की शिकायत पर भारतीय किसान संघ के पांच पदाधिकारियों सहित अन्य किसानों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया गया कि भारतीय किसान संघ के प्रांतीय सचिव रणदीप कौल, युवा प्रांतीय सचिव गुल्तान सिंह निवासी नैना, गन्ना संघर्ष समिति अध्यक्ष फतेहपुर गांव निवासी महेंद्र सिंह, खुराना गांव निवासी दयाल सिंह, क्योड़क गांव निवासी पाला राम सहित अन्य किसानों ने अपनी मागों के समर्थन में मिल के गन्ना यार्ड मे तुलाई के लिए चलाए जा रहे कांटे के समक्ष धरना देते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का रास्ता अवरुध कर दिया। आरोप है कि जो किसान अपनी गन्ने की भरी ट्रॉली तुलवाना चाहते थे, उनकी ट्रॉली भी उपरोक्त लोगो द्वारा रोक दी। इस कारण ग्रोस कांटे पर तोल न होने से मिल को गन्ना आपूर्ति इन लोगों द्वारा रोक दी गई है। इस कारण कानून व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ मिल की पिराई बाधित होने से मिल के वित्तीय हानि हो रही है।
शिकायकर्ता ने आरोप लगाया कि मिल प्रशासन के साथ साथ जिला प्रशासन द्वारा भी इन आन्दोलनरत किसान संघ के पदाधिकारियों को अपना आन्दोलन समाप्त कर मिल के कांटे के समक्ष से धरना हटाने का आग्रह किया गया ताकि कांटे से गन्ने का तोल होने पर मिल को गन्ना सप्लाई शुरु हो सके, लेकिन किसान संघ के पदाधिकारियो ने कानून व्यवस्था को अपने हाथों में लेते हुए धरना स्थल से हटने से इन्कार कर दिया। इसलिए पिराई में बाधा डालने वाले किसानों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
बाक्स-
भारतीय किसान संघ के युवा प्रांतीय अध्यक्ष गुल्तान सिंह नैना ने कहा कि मामला पूरी तरह से झूठा है। किसानों ने अपनी मांगों को लेकर शांति पूवर्क धरना दिया था, ये सभी का अधिकार है। किसानों ने अपना धरना मिल के अंदर से बाहर कर लिया था। इस तरह की कार्रवाई का किसान विरोध करते हैं। संघ जल्द ही किसानों की बैठक बुलाकर आगामी रणनीति पर विचार करेगा।
वर्जन
सिविल लाइन थाना एसएचओ बीरभान सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर लिया है। मामले में जांच की जा रही है।